Notification Icon
Hindi Newsबिहार न्यूज़Bihar Weather monsoon weak in state no rain this week what about today know

Bihar Weather: कमजोर पड़ा मॉनसून, इस सप्ताह बारिश के आसार नहीं; आज कैसा रहेगा मौसम, जानें

मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह प्रदेश से मानसून की ट्रफ रेखा नहीं गुजरने और चक्रवाती परिसंचरण नहीं बनने के करण मानसून के झमाझम बारिश होने की संभावना नहीं है। जुलाई में अब तक मानसून की अच्छी बारिश हुई।

Sudhir Kumar हिंदुस्तान, पटनाMon, 15 July 2024 01:45 AM
share Share

पटना सहित बिहार में इस सप्ताह मानसूनी बारिश के आसार नहीं है। जिस कारण अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होने से लोगों को बैचैनी करने वाली गर्मी का एहसास होगा। प्रदेश का अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वायुमंडल में स्थानीय परिस्थितियां बनने के कारण कुछ जगहों पर गरज व चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। 

मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह प्रदेश से मानसून की ट्रफ रेखा नहीं गुजरने और चक्रवाती परिसंचरण नहीं बनने के करण मानसून के झमाझम बारिश होने की संभावना नहीं है। हालांकि जुलाई में अब तक मानसून की अच्छी बारिश हुई है। सूबे में 20 जून को मानसून प्रवेश किया था। जिसका प्रसार पूरे बिहार में 28 जून को हुआ। जून में मानसून की बारिश सामान्य से 52 प्रतिशत कम रही। लेकिन 14 जुलाई तक मानसून की बारिश सामान्य से 9 प्रतिशत ही कम है। प्रदेश में 324 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए, लेकिन 296.3 मिमी ही बारिश हुई है।

आज यहां है बारिश का अलर्ट, उसके बाद नहीं है कोई चेतावनी 

मौसम विभाग ने सोमवार को किशनगंज जिला के एक या दो स्थानों पर बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं प्रदेश के उत्तर-पूर्व और दक्षिणी भागों के कुछ स्थानों में गरज व चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। इसके बाद के लिए मौसम विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं किया है।

28 जिलों में हुई सामान्य से कम बारिश

पटना सहित 28 जिलों में अब तक सामान्य से कम बारिश हुई है। जबकि 10 जिलों में अधिक बारिश हुई है। सामान्य से सबसे कम बारिश सहरसा में 43 प्रतिशत हुई। वहीं सामान्य से सबसे अधिक बारिश किशनगंज में 64 प्रतिशत हुई। पटना में सामान्य तौर पर 282 मिमी बारिश होनी चाहिए। लेकिन 195.4 मिलीमीटर ही बारिश हुई। जो सामान्य से 31 प्रतिशत कम है।

26 शहरों का अधिकतम पारा चढ़ा 

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को पटना सहित प्रदेश के 26 शहरों के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। वहीं 9 के तापमान में गिरावट आई। प्रदेश का सबसे गर्म शहर 37.4 डिग्री सेल्सियस के साथ पुपरी रहा। 

पटना में हुई हल्की बारिश, अधिकतम पारा चढ़ा 

पटना में रविवार सुबह से ही बादलों की आवाजाही शुरू हो गई थी। जिस कारण लोगों को कभी गर्मी, तो कभी आंशिक तौर पर राहत महसूस हो रहा था। इस दौरान पटना सहित आसपास के इलाकों में कई बार बारिश भी हुई। राजधानी में दोपहर और शाम को हल्की बारिश हुई। इसके बावजूद अधिकतम तापमान में 1.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। राजधानी का अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
 

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें