अंतरराष्ट्रीय श्रम दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन, श्रमिकों को दी गई योजनाओं की जानकारी
1 मई को सीवान के श्रम कार्यालय में अंतरराष्ट्रीय श्रम दिवस पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। सहायक निदेशक राजकुमार सिंह ने श्रमिकों को उनके अधिकारों की जानकारी दी और जागरूक रहने का संदेश दिया।...

सीवान,नगर प्रतिनिधि। 1 मई को शहर के डीएवी मोड़ स्थित श्रम कार्यालय में अंतरराष्ट्रीय श्रम दिवस के अवसर पर श्रम संसाधन विभाग, सीवान द्वारा एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सहायक निदेशक, बाल संरक्षण इकाई राजकुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। श्री सिंह ने श्रमिकों को उनके अधिकारों और कानूनों की जानकारी दी तथा उन्हें जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि श्रमिक समाज के निर्माण में रीढ़ की हड्डी की भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनका सशक्तिकरण आवश्यक है। इस अवसर पर श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी मैरवा अनुभव कुमार और श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी बड़हरिया, मुरारी सिंह ने श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी श्रमिकों को दी।
उन्होंने बताया कि किस प्रकार श्रमिक इन योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं और इसके लिए क्या प्रक्रियाएं अपनानी होती हैं। कार्यक्रम में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी रघुनाथपुर, श्री गौतम कुमार, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी गोरियाकोठी, श्री रघुबीर प्रसाद, स्व. कन्हाई शुक्ला सामाजिक सेवा संस्थान के प्रोग्राम मैनेजर श्री भोला श्रीवास्तव तथा श्रम विभाग के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का उद्देश्य श्रमिकों को उनके अधिकारों, योजनाओं और सरकारी लाभों के प्रति जागरूक करना था। अंत में श्रमिकों ने भी अपने विचार साझा किए और विभाग द्वारा दी जा रही सुविधाओं की सराहना की।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।