ट्रक से कुचलकर बाइक सवार की मौत , रोड जाम
पचरुखी के चांप गांव में एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार उपेन्द्र सिंह को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना के खिलाफ विरोध करते हुए सड़क जाम कर दी और प्रशासन से...

पचरुखी, एक संवाददाता। छपरा-सीवान मुख्यमार्ग पर सहायक सराय थाने के चांप गांव में मंगलवार की दोपहर तेज गति अनियंत्रित ट्रक ने एक बाइक सवार को कुचल दिया। इस दुर्घटना में बाइक चालक की मौत घटना स्थल पर ही हो गई। मृत चालक सारण जिले के दाउदपुर थाना अंतर्गत बंगरा गांव का उपेन्द्र सिंह था। इधर दुर्घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने बांस-बल्ला के सहारे मुख्यमार्ग को जाम करते हुए टायर जलाकर अपना विरोध जताया। इधर स्थानीय लोग घटना स्थल पर ब्रेकर बनाए जाने तक शव रखकर सड़क जाम रखने की जिद्द पर अड़े थे। नाराज लोगों का कहना था कि दुर्घटना स्थल से महज 50 मीटर की दूरी पर ओवरब्रिज होने के कारण सीवान से छपरा की तरफ जाने वाली गाड़ियों का रफ्तार अधिक होता है। परिणामस्वरूप यहां सड़क दुर्घटना होना आम बात है, और चांप ब्रह्मस्थान से ब्रिज तक का एरिया डेंजर जोन बन चुका है। ऐसे में प्रशासन को लगातार हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जगह-जगह ब्रेकर बनाना चाहिए। हालांकि, दुर्घटना की सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार के नाराज लोगों को काफी- समझाने के बाद नाराज लोग शांत हुए, और मुख्यमार्ग से जाम हटाए। तब जाकर मुख्यमार्ग पर आवागमन बहाल हो सका। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की दोपहर उपेन्द्र सिंह सीवान से छपरा की तरफ बाइक से जा रहे थे। इसी बीच चांप गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के समीप पीछे से आ रहा एक अनियंत्रित ट्रक चालक ने बाइक सवार को कुचल दिया। इस दुर्घटना में बाइक चालक की मौत घटना स्थल पर ही हो गई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।