महिला संवाद सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सशक्तीकरण की यात्रा
सीवान में रविवार से महिला संवाद कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसमें 6,400 से अधिक महिलाएं भाग ले रही हैं। इसका उद्देश्य महिलाओं को शासन की मुख्यधारा से जोड़ना, उनकी आवाज़ उठाना और विकास नीतियों में उनकी...

सीवान, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। जिले के सभी 16 प्रखंडों में रविवार से महिला संवाद कार्यक्रम की शुरुआत जोश और ऊर्जा के साथ हो चुकी है। जीविका की टीम, सरकार की इस महत्वाकांक्षी पहल को धरातल पर साकार करने के लिए समर्पित भाव से कार्य में जुट गई। अब तक के कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए लगभग 6,400 से अधिक महिलाएं शामिल हुई है। यह संख्या प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। महिला संवाद का उद्देश्य महिलाओं को शासन की मुख्यधारा से जोड़ना, उनकी आकांक्षाओं को आवाज़ देना और विकास की नीतियों में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। यह कार्यक्रम राज्य सरकार की दूरदर्शी सोच का प्रतीक है, जहां गरीब और वंचित तबकों की महिलाएं अब नीति-निर्माण की प्रक्रिया में सीधे अपनी भूमिका निभा रही हैं। गांव-गांव में आयोजित संवाद सत्रों में महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, पोषण, सुरक्षा और सामाजिक न्याय जैसे विषयों पर अपनी बात खुलकर रख रही हैं। संवाद महिलाओं के आत्मविश्वास के साथ सशक्त बनाने की दिशा में कदम यह संवाद न केवल उनके आत्मविश्वास को बढ़ा रहा है, बल्कि उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम सिद्ध हो रहा है। जीविका की टीम द्वारा प्रत्येक पंचायत में यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी महिला इस पहल से वंचित न रहे। विशेष प्रचार रथ, फिल्म स्क्रीनिंग, सीधा संवाद, प्रेरणादायक कहानियां और सरकार की योजनाओं की जानकारी के माध्यम से यह कार्यक्रम एक जनांदोलन का रूप ले चुका है। महिला संवाद सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सशक्तीकरण की एक यात्रा है - जहां हर महिला अपनी कहानी खुद लिख रही हैं, और एक नए बिहार के निर्माण में भागीदार बन रही है। इन प्रखंडों में रविवार को हुआ कार्यक्रम जिले में रविवार को आंदर, बड़हरिया, बसंतपुर, भगवानपुर हाट,दरौली, दरौंदा,गोरेयाकोठी, गुठनी,हसनपुरा, हुसैनगंज, महराजगंज, नौतन, पचरुखी, सिसवन, सीवान, जीरादेई आदि प्रखंडों में महिला संवाद का आयोजन हुआ। इसमें महिलाओं ने बढ़ - चढ़ कर हिस्सा लिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।