नन्हें रोजेदारों ने रोजा रखकर देश की खुशहाली की मांगी दुआ
हसनपुरा के अरंडा गांव में 7 साल के अरहान और 8 साल की आयत ने रमज़ान के पहले रोज़े का पालन किया। दोनों ने पूरे दिन बिना खाना-पानी के रोज़ा रखा और इफ्तार के समय परिवार के साथ अल्लाह का शुक्र अदा किया।...

हसनपुरा, एक संवाददाता। रमज़ान के पाक महीने में रोज़े रखने की परंपरा को निभाते हुए हसनपुरा अरंडा गांव के दो मासूम बच्चों, 7 साल के अरहान आबिद राज और 8 साल की आयत आबिद राज,, ने भी पहला रोज़ा रखा। दोनों बच्चों ने पूरे दिन बिना खाना-पानी के रोज़ा निभाया और शाम को इफ्तार के समय परिवार के साथ अल्लाह का शुक्र अदा किया। अरहान और आयत के परिवार वालों ने बताया कि बच्चों ने खुद से रोज़ा रखने की इच्छा जताई थी। उनके इस फैसले से परिवार के लोग गर्व महसूस कर रहे हैं। अरहान की दादी अख्तरी बेगम व बड़े अब्बू आफताब आलम ने कहा कि , बच्चों ने कम उम्र में ही इबादत की अहमियत को समझ लिया है। यह हमारे लिए बहुत खुशी की बात है। रोज़े के दौरान दोनों बच्चों ने नमाज़ अदा की और खासतौर पर देश की खुशहाली और अमन-शांति के लिए दुआ मांगी। आयत की मां शाहीन बानो ने बताया कि उनकी बच्चों ने दुआ में गरीबों की मदद करने और सभी के लिए अच्छा वक्त आने की प्रार्थना की। रमज़ान का महीना सब्र, इबादत और नेकी का होता है, और अरहान व आयत जैसे मासूम बच्चों की आस्था देखकर लोग भावुक हो गए। मौके पे परवेज आलम,वाजिद आलम,साजिद आलम,अल्ताफ,इकबाल,सैफ,आतिफ ने बच्चों के हिम्मत की प्रशंसा की।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।