सैनिक के घर में डाका, विरोध करने पर पिता को चाकू मारा
कबड़ा गांव में सियाचीन में तैनात सेना के जवान अमित कुमार झा के घर डकैतों ने धावा बोलकर 50 हजार नकद और जेवरात लूट लिए। गृहस्वामी गजेन्द्र झा (73 वर्ष) ने विरोध किया तो डकैतों ने उन्हें चाकू से जख्मी...

सुरसंड। थाना क्षेत्र के कबड़ा गांव में सियाचीन में तैनात सेना के जवान अमित कुमार झा के घर डकैतों ने गुरुवार रात धावा बोलकर करीब दो लाख की संपत्ति लूट ली। डकैतों ने जवान के पिता व गृहस्वामी गजेन्द्र झा (73 वर्ष) को विरोध करने पर चाकू से हमलाकर जख्मी कर दिया। हाथापाई के दौरान एक डकैत के चेहरे का नकाब खुल गया। गृहस्वामी ने उसे पहचान लिया है। इसके बाद डकैत बताने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गये। डकैतों के जाने के बाद गृहस्वामी ने पड़ोसियों के साथ पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पर थानाध्यक्ष धनंजय कुमार पांडे, पीएसआई अचल अनुराग आदि ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। गृहस्वामी के अनुसार, वह घर पर अकेला रहते हैं। उनका पुत्र अमित सेना में कार्यरत है और अभी सियाचिन में तैनात है। गुरुवार आधी रात को डकैतों ने उनके घर पर धावा बोला। दो डकैतों ने घर के गोदरेज, आलमीरा आदि की चाबी मांगी। इनकार करने पर उनके ऊपर चाकू से हमला कर दिया। इससे उनकी जांघ में जख्म हो गया। डर के कारण गृहस्वामी ने डकैतों को चाबी दे दी। इस दौरान एक डकैत उनके गले पर चाकू लगाये रखा और पांच-छह अन्य डकैत घर से सामान निकालने लगे। गले पर चाकू रखे डकैत से भिड़ने के दौरान उसके हाथ का चाकू गृहस्वामी की बांह पर लग गया। इस दौरान डकैत के चेहरे से गमछा खुल गया। गृहस्वामी ने उसकी पहचान कर ली। वह कबड़ा गांव के वार्ड दो निवासी शिवन मुखिया का पुत्र विनोद मुखिया था। गृहस्वामी के अनुसार सभी डकैत 20-30 आयु वर्ग के थे।
50 हजार नकद समेत जेवरात लूटकर भागे डकैत
गृहस्वामी के अनुसार, डकैतों ने घर में रखे 50 हजार रुपये नकद, सोने की कनबाली, सोने की अंगूठी, चांदी का 12 सिक्का और कीमती वस्त्र लूट लिये। पुलिस ने जख्मी गृहस्वामी को सीएचसी पहुंचाया। थानाध्यक्ष ने बताया कि गृहस्वामी के बयान पर एक नामजद और अन्य अज्ञात को आरोपित करते हुये एफआईआर की गयी है। मामले की जांच कर रही है। शीघ्र ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा। गृहस्वामी गजेन्द्र झा की पत्नी की मृत्यु हो चुकी है। उनकी पुत्रवधऊ डुमरा स्थित अपने आवास पर रहकर बच्चों को पढ़ाती है।
पूर्व में भी गृहस्वामी के घर पर हो चुकी है डकैती
गृहस्वामी गजेन्द्र झा के घर 10 दिसंबर 2021 की रात डकैती हुई थी। इसमें डकैतों ने घर से आभूषण सहित सभी सामान लूट लिये थे। डकैती की घटना के उदभेदन और डकैतों को पकड़ने के लिये पुलिस ने डॉग स्क्वायड (श्वान दस्ता) की टीम को बुलवाया था लेकिन पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली थी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।