संदिग्ध स्थिति में घर से कुछ दूर मिला शव, हत्या की आशंका
रीगा के शहबाजपुर पंचायत के खरसान गांव में एक वृद्ध महिला ईशरिया देवी (66) का संदिग्ध स्थिति में शव मिला है। महिला का शव उसके घर से कुछ दूर पाया गया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस मामले की...

रीगा। थाना क्षेत्र के शहबाजपुर पंचायत के खरसान गांव में शुक्रवार अलसुबह एक वृद्ध महिला का संदिग्ध स्थिति में शव मिला है। महिला का शव उसके घर से कुछ दूरी पर मिला है। इसके बाद से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान थाना क्षेत्र के शहबाजपुर पंचायत के खरसान वार्ड-सात निवासी कुलदीप मांझी की पत्नी ईशरिया देवी (66) के रूप में की गई। शव मिलने की सूचना पर रीगा थानाध्यक्ष संजीव कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। वहीं, पंचनामा तैयार कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इधर, शव मिलने के बाद से ग्रामीणों में महिला की हत्या कर शव को फेंके जाने की चर्चा है। जानकारी के अनुसार महिला गुरुवार की रात घर के बगल में गई थी, लेकिन देर रात तक वह नहीं लौटी। सुबह में गांव में निकले लोगों की नजर महिला के शव पर पड़ी। इधर, वृद्ध महिला के परिजनों ने भी हत्या की आशंका जतायी है। परिजनों ने बताया कि गुरुवार की रात हत्या कर के शव को घर से थोड़ा हटकर फेंक दिया गया है। हालांकि, हत्या का कोई कारण परिजन नहीं बता रहे है। इधर, जांच के बाद थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि प्रथमदृष्टयां मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मामले में अभी कुछ कहना जल्दीबाजी होगी। पुलिस हर एक बिन्दु पर जांच कर रही है। शव का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या की बिन्दु पर कुछ कहा जा सकता है। अभी परिजनों द्वारा आवेदन नही दिया गया है। उनसे आवेदन प्राप्त होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।