सीमांचल में एनडीए की रैली: नीतीश को फिर सीएम बनाना है- JDU, बिहार विकसित हो रहा- BJP
सीमांचल के किशनगंज में गुरुवार को एनडीए की रैली में गठबंधन में शामिल जेडीयू, बीजेपी समेत पांचों पार्टियों के नेताओं ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में दोबारा एनडीए की सरकार बनाने का संकल्प लिया।

बिहार में विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनजर सीमांचल क्षेत्र के किशनगंज में एनडीए की ओर से गुरुवार को कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें बिहार बीजेपी के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने सबका साथ सबका विकास का नारा दिया। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार विकसित हो रहा है। वहीं, जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने नीतीश कुमार को फिर से मुख्यमंत्री बनाने की अपील की। इस कार्यक्रम में चिराग पासवान की पार्टी एलजेपी-आर के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, जीतनराम मांझी की हम पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी भी मौजूद रहे।
किशनगंज के खगड़ा स्टेडियम में गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि बिहार डबल इंजन की सरकार में विकसित हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रण को हमें पूरा करना है। जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हर वर्ग के लोगों के लिए विकास किया है। उन्होंने कहा कि जो बिना काम के क्रेडिट लेना चाहते हैं ऐसे लोगों को मुंहतोड़ जवाब देने की आवश्यकता है।
लोजपा आर के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा कि इस संगठन का मुख्य उद्देश्य पांचों दल के लोगों के साथ सामंजस्य स्थापित करना है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पहल पर लोगों को 24 घंटे बिजली मिलने लगी। उन्होंने कहा कि 2005 के बाद बिहार को एक अच्छा नेतृत्व मिला।
हम पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि पहले बिहार में रोजगार नहीं मिलता था तो लोग पलायन करने लगे थे। जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आए तो उनके कार्यकाल में बिहार का विकास होने लगा। पूरे बिहार में सड़क बनी, नेशनल इंस्टीचूट खुले बिहार का विकास हुआ।
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने कहा कि इस प्रकार के सम्मेलन से एनडीए को मजबूती मिलेगी। 2025 में 225 की भागीदारी सुनिश्चित होगी इसके लिए हम सभी एकजुट हो गए है। जदयू जिलाध्यक्ष सह पूर्व विधायक मुजाहिद आलम ने कहा कि एनडीए के पांचों घटक दलों के कार्यकर्ता सम्मेलन से एनडीए को मजबूती मिलेगी और 2025 का लक्ष्य पूरा होगा।