आंधी-पानी से जिले में बिजली व्यवस्था चरमराई
कई जगहों पर पेड़ के गिरने से विद्युत तार समेत पोल हुए क्षतिग्रस्त विद्युत बोर्ड के मिस्त्री ने पेड़ हटाने व तार जोड़ने का काम किया शुरू सासाराम, हिन्दुस्तान संवाददाता। जिले में रविवार शाम अचानक आई...

सासाराम, हिन्दुस्तान संवाददाता। जिले में रविवार शाम अचानक आई आंधी-पानी से जिले में बिजली व्यवस्था चरमरा गई। सभी जगहों पर करीब दो से ढाई घंटे तक बिजली आपूर्ति बंद रही। जिससे सामान्य जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया था। बिजली आपूर्ति बहाल होने पर लोगों को विद्युत उपकरणों के जलने की जानकारी सामने आई। बताया जाता है कि आंधी-पानी से शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में घंटों बिजली आपूर्ति बंद रही। वहीं आंधी में तार के टकराने से कई उपभोक्ताओं के इलेक्ट्रानिक उपकरण भी जल गए। इससे उन्हें लाखों का नुकसान उठाना पड़ा है। रोहतास प्रखंड के अलावे तिलौथू, चेनारी, शिवसागर, दिनारा, नासरीगंज, डेहरी समेत कई प्रखंड क्षेत्रों में आंधी-पानी के कारण पेड़ गिरने से बिजली के तार टूट गए।
इस दौरान पोल भी क्षतिग्रस्त हो गया। जिस कारण बिजली आपूर्ति को बंद करना पड़ा। विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आंधी-पानी से कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए थे। अधिकांश जगहों पर पेड़ की टहनियां विद्युत तार पर गिर पड़ी थी। इस कारण पोल भी क्षतिग्रस्त हो गए थे। विद्युत बोर्ड के अधीक्षण अभियंता इंद्रदेव कुमार ने बताया कि आंधी-पानी में पेड़ के गिरने से पोल व तार की क्षति हुई है। मिस्त्री द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में पेड़ हटाने से लेकर टूटे हुए तार को ठीक करने की कार्रवाई तेज कर दी गई है। विद्युत आपूर्ति भी हर क्षेत्र में बहुत जल्द ही बहाल की जाएगी। बताया कि कई फीडरों में बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।