ओवरब्रिज के पास शव रख किया सड़क जाम, डेढ़ घंटे यातायात ठप
समस्तीपुर में ओवरब्रिज के पास शुक्रवार को लोगों ने शव रखकर सड़क जाम कर दिया। यह घटना तेज रफ्तार बस की ठोकर से हुई, जिसमें महिला फूल कुमारी देवी की मौत हो गई। लोग मृतक के परिवार को मुआवजा और बस चालक के...

समस्तीपुर। नगर थाना क्षेत्र के एसडीओ कार्यालय के सामने ओवरब्रिज के पास शुक्रवार को शव रखकर लोगों ने सड़क जाम कर दिया। वहीं प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस कारण से समस्तीपुर.पटना व दरभंगा मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान डेढ़ घंटे तक यातायात ठप रहा। गुरुवार की देर शाम तेज रफ्तार बस की ठोकर से सड़क पार कर रही एक महिला की मौत के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा था। मृतक महिला की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मूसापुर वार्ड 1 की रहने वाली फूल कुमारी देवी के रूप में की गई थी। बताया गया है की मृतक महिला शहर के ही पटेल स्टेडियम गोलंबर के पास चाय-नास्ते की दुकान चलाती थी। गुरुवार की देर शाम दुकान बंदकर वह अपने पति संजय साह के साथ पैदल ही घर जा रही थी, इसी दौरान बस ने पति-पत्नी को तेज रफ्तार बस ने ठोकर मार दिया। दोनों को स्थानीय लोगों के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सक ने महिला को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मृतक के परिजनों ने शुक्रवार को समस्तीपुर-दरभंगा व समस्तीपुर-पटना मुख्य पथ को जामकर नारेबाजी की। सड़क जामकर रहे लोग मृतक के आश्रितों को पांच-पांच लाख रुपया मुआवजा देने और दोषी बस चालक पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। जाम की सूचना पर नगर थानाध्यक्ष शिव कुमार यादव व यातायात थानाध्यक्ष सुनिलकांत घटनास्थल पर पहुंच आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।
इस दौरान करीब एक घंटे तक यातायात व्यवस्था पूरी तरह से प्रभावित रही। नगर थानाध्यक्ष शिव कुमार यादव ने बताया की घटना को अंजाम देने वाले बस को जब्त कर लिया गया है। परिजनों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त करा दिया गया। शव का पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं ट्रैफिक थानाध्यक्ष सुनिल कांत ने बताया कि महिला को बस द्वारा ठोकर मारी गई थी, इलाज के लिये सदर अस्पताल ले जाया गया था, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार की सुबह शव का पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद लोगों ने सड़क जाम कर दिया। परिजनों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त करा दिया, वहीं घटना में शामिल बस को पकड़ लिया गया है। प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।