रेड लाइट एरिया से नेपाल की नाबालिग लड़की मुक्त
सहरसा पुलिस ने रेड लाइट एरिया में छापेमारी कर नेपाल की एक नाबालिग लड़की को देह व्यापार के दलालों से मुक्त कराया। लड़की ने बताया कि वह चार-पांच साल से वहां रह रही थी और जबरदस्ती उसके साथ अनैतिक व्यापार...

सहरसा, नगर संवाददाता । सहरसा पुलिस ने भारतीय नगर स्थित रेड लाइट एरिया में छापेमारी कर नेपाल की एक नाबालिग लड़की को देह व्यापार के दलालो से मुक्त कराया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक बिचौलिया को गिरफ्तार करते हुए उसका परिसर सील कर दिया है। सहरसा पुलिस की कार्रवाई से एक बार फिर यह साबित हो गया कि रेड लाइट एरिया में बड़े पैमाने पर जिस्मफरोशी और लड़कियों की खरीद बिक्री बदस्तूर जारी है। मुख्यालय डीएसपी 02 कमलेश प्रसाद ने बताया कि सोमवार को डायल 112 पर एक लड़की द्वारा सूचना दी गई की उसके साथ मारपीट और जबरदस्ती देह व्यापार कराया जाता है। सूचना के आधार पर मामले की जानकारी एसपी को दिया गया। एसपी के निर्देश पर पुलिस पदाधिकारी सहित सखी वन स्टाप सेंटर, चाइल्ड हेल्प लाइन के साथ रेड लाइट एरिया में छापेमारी किया गया। इसी दौरान नेपाल की एक नाबालिग लड़की को रेड लाइट एरिया से मुक्त कराया गया। वहीं पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सिराज नट नामक एक बिचौलिया को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। मुख्यालय डीएसपी दो ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर लिया गया है। एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। लड़की की निशानदेही पर बिचौलिया के परिसर को सील कर दिया गया है। डीएम व कोर्ट को सूचित किया गया है।
कई साल से रह रही थी लड़की :रेड लाइट एरिया से मुक्त हुई नाबालिग लड़की ने काउंसलिंग के दौरान बताया कि वह चार पांच साल से रह रही थी। जहां जबरदस्ती उसके साथ अनैतिक देह व्यापार कराया जाता था। कोई रूपया नहीं मिलता था। केवल भोजन और कपड़ा दिया जाता था। भोजन भी सही तरीके से नहीं दिया जाता था। मारपीट किया जाता था। मुक्त हुई लड़की ने पूछताछ के दौरान अपना घर नेपाल आसपास बताया ।जिसके बाद पुलिस ने नेपाल पुलिस से भी संपर्क किया। वीरगंज एसपी से सम्पर्क कर लड़की के परिजनों के सबंध में सहयोग मांगा गया है।
पूछताछ के दौरान लड़की ने पुलिस को बताया कि वह कुछ वर्ष पहले अपने माता-पिता से बिछड़ गई थी। इसी दौरान पटना में कुछ बिचौलिया द्वारा लड़की को घर पर काम कराने के बहाने जिस्मफरोशी के दलदल में धकेल दिया। जानकारी के अनुसार लड़की कुछ दिनों तक सीतामढ़ी के इस्लामपुर स्थित रेड लाइट एरिया मे रही। जिसके बाद उसे सहरसा रेड लाइट एरिया के बिचौलिया के हाथो बेच दिया गया। जहां वह पिछले चार-पांच साल से रह रही थी। जानकारी के अनुसार रेड लाइट एरिया में रहने के दौरान हीं उसकी पहचान एक व्यक्ति से हो गई। लड़की ने उसी के बताए अनुसार मोबाइल फोन से डायल 112 से सम्पर्क किया। जिसके बाद सहरसा पुलिस हरकत में आयी। बिचौलिया को गिरफ्तार किया गया। लड़की को मुक्त कराया गया। वहीं कारवाई के बाद रेड लाइट एरिया में हडकंप मच गया। ज्यादातर बिचौलियों सहित देह व्यापार में शामिल लड़कियां और महिला घर छोड़ कर फरार हो गई है।कार्रवाई के दौरान मुख्यालय 02 डीएसपी कमलेश प्रसाद, सदर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार, टीओपी दो प्रभारी सनोज वर्मा सहित चाइल्ड हेल्प लाइन, सखी वन स्टाप सेंटर के प्रतिनिधि शामिल थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।