शिक्षक पर गोली चलाने वाले दो अज्ञात बदमाशों पर प्राथमिकी दर्ज
फॉलोअप: जानकीनगर, एक संवाददाता। थाना क्षेत्र के चैनपुरा के पास शिक्षक पर गोली चलाने के मामले में दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

जानकीनगर, एक संवाददाता। थाना क्षेत्र के चैनपुरा के पास शिक्षक पर गोली चलाने के मामले में दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। हालांकि अभी तक इसमें किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस ने सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से बदमाशों को चिह्नित कर लिया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बनमनखी सुबोध कुमार ने बताया कि बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि चौबीस घंटे में दोनों बदमाशों की गिरफ्तारी कर मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा। बता दें कि सहायक शिक्षक 41 वर्षीय मो.जुनैद हाजी गुरूवार सुबह लगभग 6.30 बजे में अपने घर से स्कूल जा रहे थे।
पूर्णिया-मधेपुरा थाना सीमा पर नारायण आईटीआई कालेज के नजदीक बाइक सवार दो बदमाशों ने जबरन बंदूक की नोंक पर उन्हें रोक लिया। बाइक से उतारकर अपने बाइक पर साथ ले जाने का प्रयास किया। इसी बीच सहायक शिक्षक बाइक छोड़कर गांव की ओर शोर-मचाते हुए भागने लगे। शोर सुनकर घटनास्थल के पास मक्का काट रहे किसान दौड़े। किसानों को आते देख कर बदमाशों ने सहायक शिक्षक पर गोली चला दी। लोगों की मदद से घायल सहायक शिक्षक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुरलीगंज में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने उसे जीएमसीएच अस्पताल पूर्णिया रेफर कर दिया। गोली उनकी कमर में लगी। पूर्णिया में आपरेशन के बाद गोली निकाल दी गयी है। शिक्षक खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। उधर,स्थानीय लोगों ने चैनपुरा में स्थायी चेकपोस्ट खोलने की पुलिस अधीक्षक से मांग की है। लोगों का कहना है कि यहां आपराधिक घटनाएं बढ़ गई है। स्थायी चेकपोस्ट खुल जाने से इसपर अंकुश लगेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।