पूर्णिया के दो लाख किसानों को मिलेगा 42.06 करोड़
-हिन्दुस्तान खास : पूर्णिया, हिंदुस्तान संवाददाता। भागलपुर में प्रधानमंत्री द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 19 वीं किस्त का वितरण किया

पूर्णिया, हिंदुस्तान संवाददाता। भागलपुर में प्रधानमंत्री द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 19 वीं किस्त का वितरण किया जाना है, जिसमें पूर्णिया जिले के कुल 2,03,331 कृषकों के बैंक खाते में 42.06 करोड़ रूपये हस्तांतरित किया जायेगा। अंग में पीएम कार्यक्रम को लेकर किसानों में उमंग है। 24 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पूर्णिया जिले से 4000 किसान जाएंगे। इन लोगों को कृषि विभाग अपने खर्चे पर भागलपुर ले जाएगा। कृषि विभाग ने इन किसानों में वैसे किसानों का चयन किया है जो किसान सम्मान निधि के लाभार्थी हैं। इन लाभार्थियों को एक तरफ जहां किसान सम्मान निधि की राशि के बारे में बताया जाएगा और उसी दिन 4000 किसान समेत लगभग दो लाख किसानों के खाते में राशि भेजी जाएगी। समझा जाता है कि भागलपुर जाने वाले किसान प्रधानमंत्री के कृषि से संबंधित भारत सरकार की योजनाओं की जानकारी सामने से लेंगे और यही किसान गांव जाकर गांव के किसानों को प्रधानमंत्री की भावनाओं और योजनाओं अवगत कराएंगे। जानकारी के अनुसार 4000 किसानों में अधिकांश धमदाहा, भवानीपुर और रुपौली के किसान होंगे। पहली बार किसानों को कृषि विभाग इस तरह का मौका दे रहा है। इन किसानों में काफी जोश और उमंग देखा जा रहा है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार धमदाहा प्रखंड से 1000 किसान, रुपौली प्रखंड से 1000 किसान और भवानीपुर प्रखंड से 500 किसानों का चयन किया गया है। शेष किसान अन्य प्रखंडों से चयन किए गए हैं।
-भाजपा की भी तैयारी जोरों पर:-
-भागलपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर भाजपा में भी तैयारी जोरों पर है। भाजपाईयों में राजनीतिक उमंग और जोश काफी ज्यादा बढ़ गया है और बड़ी संख्या में पूर्णिया से भाजपा के लोग प्रधानमंत्री आमने-सामने देखने को आमदा है। भाजपा के बनमनखी विधायक कृष्ण कुमार ने कम से कम 15 हजार सदस्यों को ले जाने का दावा किया है। पूर्णिया सदर विधायक विजय खेमका ने भी 25 हजार की संख्या में लोगों को ले जाने का इंतजाम किया है। इसके अलावा एनडीए के सभी दलों के नेता तैयारी में जुटे हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।