बिहार में एनएच वृद्धि की गति राष्ट्रीय औसत की तुलना में आधी
बिहार में राष्ट्रीय राजमार्ग की लंबाई देश की तुलना में आधी गति से बढ़ रही है। 2014 में बिहार में 4554 किमी एनएच था, जो 2024 में 6132 किमी हो जाएगा। इस दौरान बिहार के एनएच में 36 फीसदी की वृद्धि हुई...

देश की तुलना में बिहार में आधी गति से राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) की लंबाई बढ़ रही है। केंद्रीय सड़क एवं परिवहन राजमार्ग मंत्रालय की अद्यतन रिपोर्ट के अनुसार 2014 में देश में 91287 किमी एनएच था। 2024 में यह बढ़कर एक लाख 46 हजार 195 किमी हो गया। यानी इन 10 वर्षों में देश में एनएच में 60 फीसदी से अधिक की वृद्धि हुई। बिहार में वर्ष 2014 में 4554 किमी एनएच था। 2024 में यह बढ़कर 6132 किमी हुआ है। यानी इन दस वर्षों में बिहार के एनएच में लगभग 36 फीसदी की वृद्धि हुई। राजमार्ग के राष्ट्रीय औसत को पाने के लिए बिहार को अभी 6300 किमी से अधिक एनएच की आवश्यकता है। मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार देश में अब कुल 670 एनएच हो गए हैं। बिहार में अभी 56 एनएच हो गए हैं। हालांकि, देश में अभी भी सबसे अधिक महाराष्ट्र में ही एनएच है। महाराष्ट्र में 102 एनएच है जिसकी लंबाई 18 हजार 462 किमी है। दूसरे स्थान पर रहे उत्तरप्रदेश में 90 एनएच है जिसकी कुल लंबाई 12123 किमी है। तीसरे स्थान पर रहे राजस्थान में 53 एनएच हैं जिसकी कुल लंबाई 10733 किमी है। चौथे पायदान पर मध्यप्रदेश में 47 एनएच है जिसकी कुल लंबाई 9160 किमी तो पांचवें पायदान पर रहे आंध्रप्रदेश में 55 एनएच है, जिसकी कुल लंबाई 8683 किमी है। कर्नाटक में 49 एनएच की लंबाई 8191 किमी तो गुजरात में 45 एनएच है जिसकी कुल लंबाई 8111 किमी है। बिहार से सटे पश्चिम बंगाल में 35 एनएच है जिसकी लंबाई 3910 किमी तो झारखंड में 32 एनएच है जिसकी कुल लंबाई 3693 किमी है।
आबादी पर बिहार में आधा है एनएच
बिहार में आबादी के अनुसार कम एनएच है। देश में एक लाख की आबादी पर 10.90 किलोमीटर राष्ट्रीय उच्च पथ की तुलना में बिहार में मात्र 4.54 किलोमीटर राष्ट्रीय उच्चपथ ही है। हालांकि क्षेत्रफल के आधार पर देश में राष्ट्रीय उच्च पथ की औसत लंबाई 39.90 किलोमीटर प्रति हजार वर्ग किलोमीटर की तुलना में बिहार में औसत लंबाई 63.24 किलोमीटर है। वैसे सरकार के प्रयास से एनएच की चौड़ाई में वृद्धि हुई है। वर्ष 2005 में राज्य में दो लेन सड़कों की लंबाई 1200 किलोमीटर थी जो अब बढ़कर 2000 किलोमीटर हो गयी है। इसी प्रकार फोर लेन सड़कों की लंबाई 800 किलोमीटर से बढ़कर 2600 किलोमीटर हो गयी है। वर्ष 2005 में बिहार में एनएच मात्र 3600 किलोमीटर था, जो अब 6132 किलोमीटर हो चुका है।
आने वाले वर्षोँ में बढ़ेगा एनएच
आने वाले वर्षोँ में बिहार में सड़कों का नेटवर्क और बढ़ेगा। वर्तमान में राज्य के अन्तर्गत 662 किमी एक्सप्रेस-वे की दो परियोजनाओं पर भू-अर्जन का कार्य प्रगति में है। 660 किमी एक्सप्रेस-वे की दो अन्य परियोजनाओं पर भी जल्द ही काम शुरू होगा। भारतमाला परियोजना के तहत सड़कों का निर्माण होगा। बिहार में 26 परियोजनाएं मंजूर है और इस पर 49 हजार 612 करोड़ खर्च होंगे। इस राशि से 1652 किलोमीटर सड़कों का निर्माण होगा।
बिहार में इस तरह बढ़ रहा एनएच
वर्ष लंबाई
2014 4554
2015 4595
2016 4621
2017 4917
2018 4917
2019 5411
2020 5475
2021 5947
2022 5977
2023 5977
2024 6132
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।