आर्थिक रूप से सशक्त महिलाओं से समग्र विकास होगा : अरिवंद
भारतीय रिजर्व बैंक के क्षेत्रीय निदेशक सुजीत कुमार अरविंद ने वित्तीय साक्षरता सप्ताह 2025 का शुभारंभ किया। इस वर्ष का विषय 'वित्तीय समझदारी-समृद्ध नारी' है, जो महिलाओं के वित्तीय सशक्तिकरण पर केंद्रित...

आर्थिक रूप से सशक्त महिलाओं के योगदान से ही समग्र विकास होगा। ये बातें भारतीय रिजर्व बैंक (बिहार-झारखंड) के क्षेत्रीय निदेशक सुजीत कुमार अरविंद ने अपने कार्यालय परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही। इसके पूर्व उन्होंने रिजर्व बैंक की ओर से 24 से 28 फरवरी तक वित्तीय साक्षरता सप्ताह 2025 का शुभारंभ किया। इस वर्ष वित्तीय साक्षरता सप्ताह का ध्येय वाक्य वित्तीय समझदारी-समृद्ध नारी है। इस मौके पर उन्होंने वित्तीय साक्षरता संदेशों से सुसज्जित एक वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद बिहार पुलिस की महानिदेशक प्रशिक्षण प्रीता वर्मा, पद्मश्री से सम्मानित निर्मला देवी की उपस्थिति में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें महिला सशक्तीकरण के लिए वित्तीय साक्षरता के महत्व पर प्रकाश डाला गया। क्षेत्रीय निदेशक ने बताया कि वर्ष 2016 से हर साल आयोजित होने वाले इस सप्ताह का उद्देश्य वित्तीय रूप से जागरूक समाज का निर्माण करना है। इस वर्ष की थीम वित्तीय समझदारी-समृद्ध नारी है। यह विशेष रूप से गृहणियों, कामकाजी महिलाओं और महिला उद्यमियों के लिए वित्तीय सशक्तिकरण के महत्व पर आधारित है। इस अभियान में वित्तीय नियोजन, बचत और जोखिम प्रबंधन तथा विकास के लिए ऋण प्राप्त करने जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच बढ़ाने के लिए रेलवे स्टेशन, हवाई अड्डे, बैंक, एटीएम और डाकघर जैसे प्रमुख स्थानों पर जागरूकता सामग्री प्रदर्शित की जाएगी। वित्तीय साक्षरता वाहन पटना सहित विभिन्न जिलों में घूमकर महत्वपूर्ण संदेश का प्रचार-प्रसार करेगा। विभिन्न हितधारकों के सहयोग से गृहणियों, महिला पुलिसकर्मियों, नर्सिंग छात्राओं और महिला कलाकारों सहित लक्षित समूहों के लिए विशेष कार्यक्रम और शिविर आयोजित किए जाएंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।