राष्ट्रपति और वित्तमंत्री पर गांधी परिवार की टिप्पणी संविधान का अपमान
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रियंका गांधी वाड्रा के वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पर किए गए कटाक्ष की निंदा की। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार लोकतंत्र की सच्चाई स्वीकार नहीं कर पा रहा है। प्रियंका का...

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने देश की पहली महिला वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के कटाक्ष की निंदा की है। बुधवार को जारी बयान में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 10 साल से केन्द्रीय सत्ता से बाहर रहने के बाद भी गांधी परिवार लोकतंत्र की सच्चाई को स्वीकार नहीं कर पाया। उनकी रस्सी जल गई पर ऐंठन बाकी है। उन्होंने कहा कि पहले सोनिया गांधी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बेचारी महिला (पुअर लेडी) कहकर उनका अपमान किया। राहुल गांधी ने उनके अभिभाषण को बोरिंग बताया और अब पहली बार सांसद बनीं प्रियंका वाड्रा लोकसभा में लगातार आठवीं बार बजट पेश करने वाली वित्त मंत्री श्रीमती सीतारमण के आर्थिक ज्ञान पर सवाल उठा रही हैं। प्रियंका वाड्रा का बयान दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्हें अभी भी लगता है कि यहां राजतंत्र है। उनके परिवार से कोई भी सत्ता में नहीं है। यह दर्द या कॉम्प्लेक्स उनके बयानों से टपकता रहता है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वे सोचते हैं कि यदि उनके परिवार का या परिवार की पसंद का कोई व्यक्ति देश का राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री या वित्त मंत्री न बने तो वे उसका अपमान कर सकते हैं। गांधी परिवार को पता होना चाहिए कि देश में लोकतंत्र है, संविधान से चलता और जनता तय करती है कि राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री कौन होगा। संविधान की कॉपी लेकर घूमने वाले राहुल गांधी पहले अपने परिवार के लोगों में संवैधानिक पदों पर विराजमान व्यक्तियों का आदर करने की आदत डालें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।