बॉलीवुड के कई गायक बिहार दिवस पर मचाएंगे धमाल
गांधी मैदान में 22 से 24 मार्च को बिहार दिवस का आयोजन होगा। इस बार का थीम है 'उन्नत बिहार, विकसित बिहार'। कई बॉलीवुड गायकों को बुलाने के प्रयास चल रहे हैं, जिनमें उदित नारायण और अरिजीत सिंह शामिल हैं।...

गांधी मैदान में 22 से 24 मार्च के बीच आयोजित होने वाला बिहार दिवस कार्यक्रम काफी महत्वपूर्ण होगा। बॉलीवुड के कई गायकों को कार्यक्रम में बुलाने के लिए अभी से ही संपर्क किया जा रहा है। इसमें दो नाम उदित नारायण और अरिजीत सिंह की चर्चा अधिक है। हालांकि, अब तक दोनों गायक के पटना आगमन की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है। इसके अलावा कुछ और गायकों से संपर्क किया गया है। इस बार बिहार दिवस का थीम,‘उन्नत बिहार, विकसित बिहार है। थीम पर ही राज्य सरकार के सभी विभागों को अपना अपना स्टॉल लगाने को कहा गया है। 41 विभागों को गांधी मैदान में बिहार दिवस पर स्टॉल लगाने को आमंत्रित किया गया है। अब तक 18 विभागों की ओर से स्टॉल लगाने की पुष्टि कर दी गई है। बिहार दिवस के लिए शिक्षा विभाग की ओर से गांधी मैदान को 3 मार्च से 27 मार्च के बीच बुकिंग कराई गई है। अधिकारियों का कहना है कि 3 मार्च से गांधी मैदान में स्टॉल, पंडाल और स्टेज बनाने का काम शुरू हो जाएगा। बिहार दिवस के आयोजन को लेकर कई कमेटी बनाई गई है। प्रत्येक कमेटी के एक नोडल अधिकारी बनाए गए हैं। हर नोडल अधिकारी को कार्यक्षेत्र का बंटवारा किया गया है। श्री कृष्ण विकास समिति के पदाधिकारी का कहना है कि शिक्षा विभाग की ओर से गांधी मैदान के आधे से अधिक हिस्से में पंडाल बनाने के लिए जगह की मांग की गई है। जगह उपलब्ध भी कर दी गई है।
क्षेत्रीय कलाकारों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा : बिहार दिवस के अवसर पर क्षेत्रीय कलाकारों को प्रोत्साहित किया जाएगा। जो गीत-संगीत एवं नृत्य के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं। सुबह और शाम दोनों समय सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन किए जाएंगे। प्रदेश भर से स्कूली बच्चों को भी बुलाया जाएगा।
पर्यटन क्षेत्र होगा प्रदर्शित : बिहार में हाल के वर्षों में जो पर्यटन क्षेत्र विकसित किए गए हैं, उसकी झलक बिहार दिवस में देखने को मिलेगा। बड़े-बड़े पोस्टर के अलावा डिजिटल माध्यम से पर्यटन स्थलों को दिखाया जाएगा इसकी तैयारी पर्यटन विभाग की ओर से की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।