आंगनबाड़ी के 99.14% बच्चे और गर्भवती महिलाओं का हुआ आधार सत्यापन
बिहार में आंगनबाड़ी केंद्रों के 99.14% बच्चों, गर्भवती महिलाओं और स्तनपान करवाने वाली महिलाओं का आधार सत्यापन हो गया है। इससे उन्हें विभिन्न योजनाओं का लाभ मिलेगा। 2022 में सिर्फ 20% आधार सत्यापन हुआ...

आंगनबाड़ी केंद्रों के 99.14% बच्चे,गर्भवती महिला और स्तनपान करवाने वाली महिलाओं का आधार सत्यापन हो गया है। अब इन्हें तमाम तरह की योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। समेकित बाल विकास सेवाएं (आईसीडीएस) निदेशालय द्वारा जल्द ही सौ फीसदी का आंकड़ा पार कर लिया जाएगा। एक बार आधार सत्यापन होने से हर तरह की पुरानी और नई योजनाओं का लाभ इन्हें मिल सकेगा। बता दें कि वर्ष 2022 तक मात्र 20 फीसदी का ही आधार सत्यापन हो पाया था। लेकिन आईसीडीएस ने इसमें तेजी लाई। हर आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका और सहायिका को निर्देश दिया गया। इसकी मॉनिटरिंग लगातार की जाती रही। हर माह लगातार आधार सत्यापन का काम हो रहा था। जनवरी 2024 में 89 फीसदी का आधार सत्यापन हुआ। वहीं जनवरी 2025 तक 99.14 फीसदी का आधार सत्यापन का काम हो गया है। मार्च अंतिम तक आंगनबाड़ी केंद्र के सभी बच्चे, गर्भवती महिला और स्तनपान करवाने वाली सौ फीसदी महिलाओं का आधार सत्यापन कर लिया जाएगा।
राज्यभर के कुल एक लाख 15 हजार आंगनबाड़ी केंद्र में एक करोड़ सात लाख 56 हजार 059 पंजीकृत हैं। इसमें एक करोड़ छह लाख 64 हजार 063 पंजीकृत को योजनाओं का लाभ मिलेगा। क्योंकि इन सभी का आधार सत्यापन कर लिया गया है। इन सभी को अलग-अलग केटेगरी में बांट दिया गया है। जिस केटेगरी से संबंधित जो योजना है, उन्हें संबंधित योजना से टैग कर दिया गया है। अब इन्हें योजना से सीधा जोड़ दिया गया है।
आंगनबाड़ी केंद्रों में लाभ लेने वालों की संख्या
गर्भवती महिलाओं की संख्या - 5,53,350
स्तनपान करवाने वाली महिलाएं - 4,81,233
जीरो से छह माह वाले बच्चे की संख्या - 3,47,601
छह माह से तीन साल तक के बच्चे - 3851177
तीन साल से छह साल तक के बच्चे - 5313399
कोट
आंगनबाड़ी केंद्र में आने वाले 99% बच्चे, गर्भवती महिलाएं, स्तनपान करवाने वाली महिलाओं का आधार सत्यापन पूरा हो गया है। अब ये किसी भी योजना के लाभ से वंचित नहीं होंगे।
कौशल किशोर, निदेशक, आईसीडीएस निदेशालय बिहार
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।