74 साल के हुए नीतीश, PM ने दी शुभकामनाएं; अशोक चौधरी ने चढ़ाया लड्डू
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी समेत कई नेताओं ने जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। जेडीयू नेता अशोक चौधरी ने सीएम के बर्थडे के मौके पर पटना के महावीर मंदिर में 75 किलो का लड्डू चढ़ाया।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को 74 साल के हो गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने नीतीश को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं। राज्य के दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी एवं विजय सिन्हा सीएम को बर्थडे विश करने उनके आवास पर पहुंचे। उन्होंने गुलदस्ता देकर सीएम नीतीश को जन्मदिन की बधाई दी। दूसरी ओर, जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के कार्यकर्ताओं में नीतीश के जन्मदिन पर खासा उत्साह नजर आया। सीएम के करीबी एवं मंत्री अशोक कुमार चौधरी ने पटना के प्रसिद्ध महावीर मंदिर में नीतीश के 75वें जन्मदिन के मौके पर 75 किलो का लड्डू चढ़ाया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को उनके जन्मदिन पर ढेरों शुभकामनाएं। उनके नेतृत्व में राज्य विकास के नए पथ पर अग्रसर हुआ है। ईश्वर उन्हें स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन प्रदान करे।" वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पोस्ट कर लिखा कि नीतीश के नेतृत्व में बिहार में एनडीए जनकल्याण और सुशासन का पर्याय बना है। उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की मंगलकामना करते हैं।
सीएम नीतीश लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा जन्मदिन की बधाई देने पर उनके प्रति आभारभी व्यक्तकिया। बता दें कि नीतीश का जन्म 1 मार्च 1951 को नालंदा जिले के बख्तियारपुर में हुआ था। मार्च 2000 में वे पहली बार बिहार के मुख्यमंत्री बने। हालांकि, उस समय महज 7 दिन ही पद पर रहे।
2005 में नीतीश ने दोबारा बिहार की कमान संभाली। तब से अब तक वे बिहार की राजनीतिक का केंद्र बिंदू बने हुए हैं। प्रदेश में भले ही एनडीए या महागठबंधन, किसी की भी सरकार हो, सीएम नीतीश ही होते हैं। अब तक वे 9 बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले चुके हैं। इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में भी एनडीए नीतीश के नेतृत्व में ही चुनावी मैदान में उतरने जा रहा है।