जिले के सरकारी स्कूलों का प्रात:कालीन संचालन आज से
नवादा, निज प्रतिनिधि जिले में अप्रैल माह में ही पड़ रही भीषण गर्मी को लेकर शिक्षा विभाग की ओर से स्कूलों की समय सारणी में बदलाव किया गया है।

नवादा, निज प्रतिनिधि जिले में अप्रैल माह में ही पड़ रही भीषण गर्मी को लेकर शिक्षा विभाग की ओर से स्कूलों की समय सारणी में बदलाव किया गया है। विभागीय निर्देश के बाद डीईओ दिनेश कुमार चौधरी ने जिले के सभी सरकारी स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को पत्र जारी कर नई समय सारणी के अनुसार कक्षाओं का संचालन प्रात:कालीन शिफ्ट में किए जाने का निर्देश दिया है। सोमवार सात अप्रैल से जिले के सरकारी प्रारंभिक, हाई एवं इंटर स्कूलों में कक्षाओं का संचालन सुबह साढ़े छह बजे से 12 बजकर 20 मिनट तक किया जाएगा। जबकि स्कूलों के एचएम और शिक्षक 12.30 बजे स्कूल छोड़ेंगे। इससे पहले जिले के सभी स्कूलों में कक्षाओं का संचालन डे शिफ्ट में किया जा रहा था। सुबह 9.30 बजे से दोपहर 4 बजे तक कक्षाओं का संचालन किया जा रहा था। अप्रैल माह के शुरुआत में ही जिले में भीषण गर्मी पड़ रही है। जिले का अधिकतम पारा 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। लिहाजा बच्चों के लिए दोपहर में स्कूल में पढ़ाई करना परेशानी का सबब बना हुआ था। मॉर्निंग शिफ्ट में स्कूलों का संचालन होने से बच्चों को गर्मी से राहत मिलेगी। 18 सौ स्कूलों की बदल जाएगी समय सारणी सोमवार 7 अप्रैल से जिले के करीब 16 सौ प्रारंभिक स्कूलों एवं 207 हाई व इंटर स्कूलों की समय सारणी बदल जाएगी। मार्निंग में स्कूलों के संचालन की व्यवस्था एक जून यानी गर्मी की छुट्टी होने के पूर्व तक बनी रहेगी। बच्चों की छुट्टी अपराह्न 12.20 बजे होगी, लेकिन शिक्षक दोपहर 12.30 बजे जाएंगे। इससे संबंधित आदेश माध्यमिक शिक्षा निदेशक साहिला के हस्ताक्षर से शुक्रवार को जारी किया गया। मार्निंग शिफ्ट में विद्यालयों के संचालन के लिए समय-सारणी भी जारी की गई है। शिक्षा विभाग के मुताबिक समय-सारणी के तहत सभी प्रारंभिक, हाई एवं इंटर स्कूल संचालित होंगे। साथ ही पहली कक्षा में बच्चों का नामांकन अभियान भी चलेगा। विद्यालयों के पोषक क्षेत्र में बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने का आदेश सभी प्रधानाध्यापकों को दिया गया है। वहीं, दूसरी ओर सभी जिलों में विद्यालयों में निरीक्षण के लिए तैनात किए गए अधिकारियों का भ्रमण होगा। निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर सभी स्कूलों के प्रदर्शन का मूल्यांकन होगा। इस समय सारणी के अनुसार चलेंगे स्कूल 7 अप्रैल सोमवार से सुबह 6.30 बजे से स्कूलों का संचालन शुरू होगा। सुबह 6.30 से 7.00 बजे तक स्कूलों में चेतना सत्र आदि का आयोजन किया जाएगा। स्कूलों में पहली घंटी सुबह 7.00 बजे से 7.40 बजे तक चलेगी। दूसरी घंटी की पढ़ाई 7.40 से 8.20 बजे तक होगी। तीसरी घंटी की पढ़ाई 8.20 से 9.00 बजे तक होगी। स्कूलों में सुबह 9.00 से 9.40 बजे तक टिफिन रहेगी और प्रारंभिक स्कूलों में बच्चों को मध्याह्न भोजन परोसे जाएंगे। उसके बाद 9.40 से 10 बजे तक चौथी घंटी चलेगी। 10.20 से 11.00 बजे तक पांचवीं घंटी की पढ़ाई होगी। 11.00 से 11.40 बजे तक छठी घंटी और 11.40 से 12.20 बजे तक सातवीं घंटी की पढ़ाई होगी। उसके बाद छात्र-छात्राओं की छुट्टी होगी। दोपहर 12.20 से 12.30 बजे तक प्रधानाध्यापक के स्तर से शिक्षकों की ओर से पढ़ाए गए विषयों की समीक्षा होगी। अगले दिन के लिए कार्य योजना एवं छात्रों को दिए गए गृह कार्य की समीक्षा एवं जांच होगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।