मौसम : पारा 31 के करीब, दो दिन में दो डिग्री और चढ़ेगा
मुजफ्फरपुर में पिछले दो दिनों से बादल गायब हो गए हैं, जिसके कारण तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक और न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग...

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। पिछले दो दिनों से छाए बादल रविवार को गायब हो गए। इस बीच पश्चिम विक्षोभ के बढ़ते प्रभाव के कारण जिले के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हुई। अधिकतम तापमान जहां सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। इस बीच मौसम विभाग ने मार्च में दिन और रात का तापमान सामान्य से काफी अधिक रहने की संभावना जताई है।
कृषि विवि, पूसा के मौसम विज्ञान केंद्र ने इस साल मार्च के अधिक गर्म रहने की संभावना जताई। वरीय मौसम विज्ञानी डॉ. ए सत्तार ने बताया कि इस साल अबतक एक एमएम भी बारिश नहीं हुई है। मार्च में भी बारिश के आसार नहीं हैं। ऐसे में पहले से ही सामान्य से दो से तीन डिग्री उपर रहनेवाला पारा इस बार सामान्य से तीन से चार डिग्री अधिक रह सकता है। न्यूनतम तापमान भी डेढ से दो डिग्री ज्यादा रहने के आसार हैं। आनेवाले दो दिन दिनों में तापमान में दो डिग्री तक वृद्धि हो सकती है।
इधर, रविवार को जिले का अधिकतम तापमान पिछले 24 घंटे में 0.6 डिग्री चढ़कर 30.8 डिग्री पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान भी 1.5 डिग्री की वृद्धि के साथ 15.5 डिग्री रहा। इस दौरान 11 किमी की गति से पछुआ हवा बहती रही।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।