मौसम : रात पा पारा 6 डिग्री बढ़ा, और तपेंगे दिन
मुजफ्फरपुर में सोमवार को मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला। अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में तीन डिग्री की कमी आई।...

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। जिले के मौसम में सोमवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला। बादलों के बीच हुई सुबह की शुरूआत के बाद दोपहर में सूरज की तपिश ने लोगों को परेशान किया। हालांकि, इस दौरान अधिकतम तापमान में पिछले 24 घंटों में तीन डिग्री तक की कमी देखने को मिली। न्यूनतम तापमान छह डिग्री चढ़कर पहलीबार इस साल 22 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान पिछले एक पखवाड़े से दिन और रात के तापमान में 17 डिग्री तक का बना हुआ अंतर घटकर 12 डिग्री तक आ पहुंचा। जबकि, पूरे दिन तेज गति से चली पुरवा हवा ने भी लोगों को अधिक गर्मी का अहसास कराया।
पूसा स्थित डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के वरीय मौसम वैज्ञानिक डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि रात के तापमान में बढ़ोतरी का मुख्य कारण हवा के रूख में बदलाव है। यह पछिया से बदलकर पुरवा हो गया है। इस कारण बंगाल की खाड़ी में होनेवाले बदलाव के कारण रात का तापमान बढ़ा है। जबकि, दिन के तापमान में कमी आई है। उन्होंने बताया कि तापमान में अंतर कम होने से दिन में तपिश अधिक महसूस होगी। इससे लोगों में बेचैनी का अहसास अधिक हो सकता है। मंगलवार के तापमान के बारे में बताया कि अगले 48 घंटों में जिले में बादलों का आना जाना लगा रहेगा। इससे दिन के तापमान में बड़ा बदलाव आने की संभावना नहीं है।
सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जो सामान्य से मामूली (0.2 डिग्री) नीचे रहा। पिछले दो महीनों में यह पहलीबार सामान्य से नीचे दर्ज किया गया है। वहीं न्यूनतम तापमान पहलीबार सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक 22.4 डिग्री रिकार्ड किया गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।