ससुराल में फंदे से लटका मिला ऑटो चालक का शव
मुजफ्फरपुर में 50 वर्षीय ऑटो चालक हरेंद्र तिवारी की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। उसका शव ससुराल में फंदे से लटका मिला। घटना के समय उसकी पत्नी काम पर गई थी। प्रारंभिक जांच में पत्नी से विवाद के बाद...

मुजफ्फरपुर, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। ऑटो चालक 50 वर्षीय हरेंद्र तिवारी की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। उसका शव ससुराल स्थित एक कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना रविवार शाम करीब पांच बजे काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के माड़ीपुर रामराजी रोड में हुई। इसकी जानकारी मिलते ही पूरे मोहल्ले में सनसनी फैल गई। सूचना पर दारोगा राम ईश्वर कुमार दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की जांच कर परिजनों से घटना के संबंध में पूछताछ की। इस दौरान एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। जांच के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया।
बताया गया कि हरेंद्र तिवारी मूलरूप से जैतपुर थाना क्षेत्र के तिलबिहटा गांव का रहने वाला था। शादी के बाद से ही वह पत्नी के साथ ससुराल में रहता था। वह ऑटो चलाकर पत्नी और सास का भरण पोषण करता था। उसको तीन बेटे हैं। तीनों अलग रहते हैं। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर लगातार पत्नी से विवाद चल रहा था। दो दिन पूर्व भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। स्थानीय लोगों की माने तो पत्नी भी चौका बर्तन का काम करती है। घटना के वक्त वह काम करने बाहर गई थी। वहां से लौटने पर यह मामला सामने आया। स्थानीय लोगों की मदद से फंदा काटकर हरेंद्र को नीचे उतारा गया। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इधर, दारोगा राम ईश्वर कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पत्नी से विवाद के बाद आत्महत्या की बात सामने आई है। अन्य बिन्दुओं पर भी जांच कर जानकारी जुटाई जा रही है। परिजनों से आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।