बढ़ा पुरवा का जोर, अधिकतम तापमान 29 डिग्री पर पहुंचा
मुजफ्फरपुर में पिछले दो दिनों से हवा की दिशा में बदलाव के कारण तापमान में वृद्धि देखी गई है। अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 13.5 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक...

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। पिछले दो दिनों से हवा के बदले रूख का असर जिले के तापमान पर दिखने लगा है। इसके पछिया से पुरवा होने के कारण जहां दिन का तापमान अभी से ही 29 डिग्री पर पहुंच गया, वहीं न्यूनतम तापमान भी इस साल दूसरी बार सामान्य से उपर दर्ज किया गया। इसके पहले पिछले सप्ताह यह सामान्य से एक डिग्री उपर रहा था। मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अभी अगले दो तीन दिनों तक हवा का रूख पुरवा बना रहेगा। इस कारण दिन के साथ ही रात के तापमान में वृद्धि देखी जा सकती है। जबकि सुबह के समय हवा में नमी की मात्रा में काफी कमी आने की संभावना जताई।
गुरुवार को अधिकतम तापमान पिछले 24 घंटों में एक डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 29 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 0.8 डिग्री उपर 13.5 डिग्री दर्ज हुआ। इसमें पिछले 24 घंटों में दो डिग्री की वृद्धि हुई। सुबह में हवा में नमी की मात्रा घटकर 85 प्रतिशत पर आ पहुंची, जो पिछले डेढ़ महीनों से लगातार 95 से 100 प्रतिशत के बीच बनी हुई थी। दिन में नमी की मात्रा बढ़कर 75 प्रतिशत तक जा पहुंची।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।