शादी के बाद घर में नहीं रखने का आरोप, केस
मुजफ्फरपुर में एक एमफील छात्रा ने अपने पति विक्रांत कुमार के खिलाफ दहेज मांगने और घरेलू हिंसा का आरोप लगाया है। दोनों ने प्रेम विवाह किया था, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही दहेज की मांग शुरू हो गई।...

मुजफ्फरपुर, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। शादी के बाद घर में नही रखने का आरोप लगाते हुए एमफील की एक छात्रा ने काजीमोहम्मदपुर थाने में केस दर्ज कराया है। इसमें मीनापुर थाना के छपरा गांव निवासी विक्रांत कुमार उर्फ बोल बम को आरोपित किया है। साथ ही उसपर प्रेम विवाह के बाद दहेज मांगने सहित अन्य गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का मायका मुशहरी थाना क्षेत्र में है। वह वर्तमान में अपने पति के साथ थाना क्षेत्र में एक किराये के मकान में रह रही थी।
उसने पुलिस को बताया कि पढ़ाई करने के दौरान उसकी आरोपित से पहचान हुई। 27 मई 2019 को दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया। इसके बाद 19 सितंबर 2022 तक साथ में रहे। शादी के कुछ दिन के बाद से ही वह दहेज की मांग करने लगा। 28 मार्च 2023 को उसने अपने पति से उसके परिजनों से मिलने की बात कही। इसपर वह आग बबूला हो गया और मारपीट कर घर से निकाल दिया। साथ ही धमकी भी दी कि अगर कहीं शिकायत की तो जान से मार दूंगा। वहीं, थानेदार जय प्रकाश सिंह ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।