Hindi NewsBihar NewsMuzaffarpur NewsKidney Incident Missing Organs in Autopsy of Sunita Raises Concerns

सुनीता की किडनी जन्म से नीचे दबी हुई थी

मुजफ्फरपुर में सुनीता की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी दोनों किडनी और बच्चेदानी गायब मिली। डॉक्टर की लापरवाही के कारण किडनियों को ऑपरेशन के दौरान हटा दिया गया था। सुनीता ने दो साल तक स्वास्थ्य समस्याओं...

Newswrap हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुरSun, 19 Jan 2025 06:58 PM
share Share
Follow Us on
सुनीता की किडनी जन्म से नीचे दबी हुई थी

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता किडनी कांड पीड़िता सुनीता के पोस्टमार्टम में उसकी दोनों किडनी के साथ बच्चेदानी भी नहीं मिली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को भेज दी गई है। पोस्टमार्टम में यह साक्ष्य मिले कि सुनीता की किडनी अपनी जगह से थोड़ी नीचे दबी हुई थी। जिस डॉक्टर ने उसके बच्चेदानी का ऑपरेशन किया, उसने बड़ी लापरवाही बरती और बिना किडनी देखे बच्चेदानी के साथ किडनी भी काटकर हटा दी। दो साल तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद 21 अक्टूबर 2024 को सुनीता की मौत एसकेएमसीएच में हो गई। डॉक्टरों ने बताया कि कुछ लोगों की किडनी अपनी जगह से थोड़ी नीचे होती है। यह जन्मजात होता है। यह कोई बीमारी नहीं है। इससे कोई परेशानी भी नहीं होती है। कुछ लोगों में जन्म से ही किडनी का आकार छोटा होता है, इससे भी कोई परेशानी नहीं होती है।

9 सितंबर 2022 को पहली बार एसकेएमसीएच में जांच में सुनीता की दोनों किडनियां नहीं होने की पुष्टि हुई थी। इससे पहले पीएमसीएच में भी सुनीता की दोनों किडनियां नहीं होने की बात सामने आई थी। सकरा के एक झोलाछाप डॉक्टर ने सुनीता के बच्चेदानी के ऑपरेशन के दौरान बच्चेदानी के साथ दोनों किडनियां भी काटकर निकाल दी थी। दोनों किडनियां नहीं रहने से लगातार दो साल तक सुनीता एसकेएमसीएच से लेकर पटना के आईजीआईएमएस तक भर्ती होती रही। दोनों किडनी नहीं होने से सुनीता की एसकेएमसीएच में लगातार डायलिसिस होती रही। इस दौरान कई बार उसकी तबीयत भी बिगड़ी। दम तोड़ने से पहले सुनीता की तबीतय काफी खराब हो गई थी और उसके शरीर में क्रिटनीन का स्तर काफी बढ़ गया था। इसके अलावा शरीर में संक्रमण भी बढ़ गया था। हालत बहुत ज्यादा बिगड़ जाने के कारण सुनीता को नहीं बचाया जा सका।

बयान:

सुनीता की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पुलिस को मिल गई है। इसमें दोनों किडनी के गायब रहने की बात बताई गई है।

- विद्या सागर, ग्रामीण एसपी

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें