Hindi NewsBihar NewsMuzaffarpur NewsBihar Development BJP s Sambit Patra Advocates Special Budget Provisions for Growth

बिहार के विकास बिना देश को महाशक्ति बनाना संभव नहीं : संबित पात्रा

भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि बिहार का विकास देश को महाशक्ति बनाने की दिशा में आवश्यक है। उन्होंने बजट में गरीबों, युवाओं और महिलाओं के लिए विशेष प्रावधानों का जिक्र किया। मखाना को वैश्विक...

Newswrap हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुरSat, 22 Feb 2025 03:37 AM
share Share
Follow Us on
बिहार के विकास बिना देश को महाशक्ति बनाना संभव नहीं : संबित पात्रा

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि बिहार के विकास बिना देश को महाशक्ति बनाने की राह आसान नहीं होगी। इसलिए केंद्र सरकार पिछले कई बजट में बिहार को विकसित बनाने के लिए विशेष प्रावधान करती आ रही है। इस बार के बजट में गरीब, युवा, अन्नदाता और महिला शक्ति (जीवाईएएन) को बढ़ावा देने के लिए भी विशेष प्रयास किए गए हैं। यह विरोधियों को रास नहीं आया और उन्होंने इसकी आलोचना के लिए बिहार को निशाना बनाया। यह बिहारियों की अस्मिता का अपमान है। वे शुक्रवार को नार्थ बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के शुभकरण केडिया सभागार में केंद्रीय आम बजट को लेकर प्रबुद्धजनों को संबोधित कर रहे थे।

राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि बिहार की तरक्की के लिए उत्तर बिहार का विकास जरूरी है। इसलिए पहले लीची और अब मखाना को विश्वस्तर पर पहचान दिलाने के लिए मखाना बोर्ड का गठन किया जाना है। उन्होंने मखाना को सुपर फूड बताते हुए उसे अमेरिकी थाली तक पहुंचाने की बात कही। कहा कि इसमें मिलनेवाले हर तरह के मिनरल और विटामिन के कारण ही इसे सुपर फूड कहा जाता है। इसी कारण इसकी लोकप्रियता अब वैश्विक हो चुकी है। उन्होंने कहा कि उत्तर बिहार में खाद्य प्रसंस्करण से जुड़ा देश का पहला तकनीकी संस्थान भी खोला जाना है। इसका लाभ पूरे पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत को मिलेगा।

भाजपा नेता ने बजट की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। कहा कि प्रधानमंत्री ने सभी सांसदों को पूरे देश का भ्रमण कर लोगों से बजट पर चर्चा कर फीडबैक लेने की परंपरा शुरू की है। इसका लाभ अगले साल के बजट बनाने में मिलता है। पात्रा ने कहा कि बजट में ज्ञान के साथ मान का ध्यान रखा गया है। मध्यमवर्ग को सहूलियत देने के लिए बड़ी राहत दी गई। अब 12 लाख रुपये की आय पर कर नहीं देना होगा। कोविड के बाद पूरी दुनिया मुद्रा स्फिति का सामना कर रही है पर केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण अपने देश में कोई खास असर नहीं पड़ा है। पिछले एक दशक में हम 11वीं से पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन चुके हैं।

मुजफ्फरपुर से हवाई सेवा जल्द शुरू कराने की होगी पहल:

उन्होंने कहा कि देश भर के सभी सीनियर सेकेंडरी स्कूलों और पीएचसी में ब्रॉडबैंड की सुविधा देने के लिए इस बजट में राशि का प्रबंध किया गया है। साथ ही हर अस्पताल में कैंसर पीड़ितों के लिए डे केयर भी खोला जाएगा। उन्होंने जल्द ही मुजफ्फरपुर से भी हवाई सेवा शुरू कराने की पहल करने की भी बात कही। कहा कि मुजफ्फरपुर को उन 120 शहरों की सूची में रखा गया है, जहां से हवाई सेवा शुरू की जाएगी।

कार्यक्रम में चेंबर के अध्यक्ष श्यामसुंदर भीमसेरिया, भाजपा प्रदेश महामंत्री राजेश वर्मा, प्रदेश प्रवक्ता सुहेली मेहता, मीडिया प्रभारी प्रभात मालाकार, भाजपा पूर्वी जिलाध्यक्ष विवेक कुमार, पश्चिमी जिलाध्यक्ष हरिमोहन चौधरी, पूर्व विधायक बेबी कुमारी, पूर्व जिलाध्यक्ष रविन्द्र सिंह, रंजन कुमार सहित जिला मीडिया प्रभारी साकेत शुभम, आशीष अग्रवाल मौजूद थे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें