Hindi NewsBihar NewsMuzaffarpur NewsArmed Robbery CSP Operator Shot and Looted in Motipur

बरुराज में सीएसपी संचालक को गोली मारकर डेढ़ लाख लूटे

मोतीपुर में शनिवार को पीएनबी के सीएसपी संचालक पंकज कुमार को गोली मारकर डेढ़ लाख रुपए और मोबाइल लूट लिया गया। बदमाशों ने पंकज के पैर में गोली मारी और फरार हो गए। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और...

Newswrap हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुरSat, 3 May 2025 07:14 PM
share Share
Follow Us on
बरुराज में सीएसपी संचालक को गोली मारकर डेढ़ लाख लूटे

मोतीपुर, हिन्दुस्तान संवाददाता। बरुराज थाने के कमालपुर बिथरौल गांव स्थित मलंग चौक के पास शनिवार दोपहर करीब 12.30 बजे पीएनबी के सीएसपी संचालक पंकज कुमार को बदमाशों ने गोली मार दी। उसके बाद डेढ़ लाख रुपए और मोबाइल लूट लिया। इस दौरान बदमाशों और सीएसपी संचालक में उठा-पटक भी हुई। गोली पंकज के दोनों पैर में लगी है। वह जमीन पर गिर गया। स्थानीय लोगों की मदद से बरूराज डकही निवासी पंकज को मोतीपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत में चिकित्सकों ने एसकेएमसीएच रेफर कर दिया। बीच-बचाव में आये सैलून संचालक संजय ठाकुर पर भी बदमाशों ने फायरिंग कर दी।

हालांकि, वह बाल-बाल बच गया। वारदात को अंजाम देने के बाद हाई स्पीड बाइक सवार दो बदमाश पिस्टल लहराते हुए बरुराज की ओर भाग गए। सूचना पर डीएसपी पश्चिमी सुचित्रा कुमारी, थानाध्यक्ष संजीव कुमार दुबे, कथैया थानाध्यक्ष आदित्य कुमार घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन की। पुलिस ने दो खोखा बरामद किया है। इधर, डीएसपी पश्चिमी ने बताया कि बदमाशों के भागने की दिशा में सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है। चौक के दुकानदारों से भी पूछताछ की गई है। सभी बिंदुओं पर छानबीन की जा रही है। दोनों बदमाश आपस में कर रहे थे बहसबाजी : प्रत्यक्षदर्शी सैलून संचालक संजय ठाकुर ने पुलिस को बताया कि पंकज दोपहर करीब साढ़े बारह बजे बाइक से उतर कर दुकान का शटर खोल कर जैसे ही अंदर गए, तभी बाइक सवार दो युवक पहुंचे। एक हेलमेट पहने हुआ था और दूसरा चेहरे को ढके हुए था। दोनों आपस में बहस कर रहे थे। पंकज को लगा कि पैसे को लेकर दोनों में विवाद हो रहा होगा। इसी बीच पैसा रखा बैग लूटने के दौरान पंकज और दोनों बदमाशों में उठा-पटक होने लगी। उसके बाद बदमाशों ने पंकज के पैर में गोली मार दी। रास्ते से ही संचालक के पीछे-पीछे चल रहे थे : संचालक पंकज कुमार पीएनबी परसौनीनाथ शाखा से कैश की निकासी कर बाइक से कमालपुर बिथरौल मलंग चौक स्थित सीएसपी लौट रहा था। बाइक सवार दोनों बदमाश रास्ते से ही पीछे-पीछे चल रहे थे। रास्ते में घर होने और लोगों की आवाजाही के कारण लूट की घटना को अंजाम नहीं दे सका। पंकज के सीएसपी पहुंचते ही दोनों वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें