Notification Icon
Hindi Newsबिहार न्यूज़मुजफ्फरपुरAfter Reiki for a week teenager stole a conspiracy with a friend the pistol of the inspector

एक हफ्ते तक रेकी करने के बाद किशोर ने दोस्त संग साजिश रच चुराई थी दारोगा की पिस्टल

काजीमोहम्मदपुर थाने के दारोगा शंभूनाथ झा की सर्विस पिस्टल 12 साल के किशोर ने चोरी की थी। वह थाना क्षेत्र का ही रहने वाला है। उसके पिता मजदूरी करते हैं और मां घरों में झाड़ू-पोछा और खाना बनाने का काम...

Abhishek Kumar मुजफ्फरपुर। हिन्दुस्तान प्रतिनिधि, Fri, 28 Aug 2020 05:51 AM
share Share

काजीमोहम्मदपुर थाने के दारोगा शंभूनाथ झा की सर्विस पिस्टल 12 साल के किशोर ने चोरी की थी। वह थाना क्षेत्र का ही रहने वाला है। उसके पिता मजदूरी करते हैं और मां घरों में झाड़ू-पोछा और खाना बनाने का काम करती है। पकड़े जाने के बाद किशोर ने पूछताछ में बताया कि उसने एक दोस्त के साथ मिलकर घटना की साजिश रची थी।
उसने पुलिस को बताया कि उसकी मां थाना परिसर स्थित सरकारी आवास में झाड़ू-पोछा करने और खाना बनाने आती थी। वह भी कई बार उसके साथ आया था। कभी-कभी वह खाना लेकर भी आता था। इसी बीच उसने अपने साथी के साथ मिलकर पिस्टल चोरी करने की साजिश रची। करीब एक सप्ताह तक उसने रेकी की। दारोगा कब आते हैं, फिर कब जाते हैं। इसकी पूरी जानकारी ली। 22 अगस्त की रात वह अपने दोस्त के साथ थाना के बाहर से रेकी कर रहा था। जैसे ही दारोगा गश्ती से लौटकर आए और कमरा बंद कर खाना खाने गए, वह पीछे के रास्ते से सरकारी आवास में पहुंचा। अगल-बगल वाले कमरे में कोई नहीं था। उसने ताला तोड़ डाला। फिर पिस्टल लेकर उसी रास्ते से भाग गया। उसने अपने घर की छप्पर में चोरी की गई पिस्टल छुपाकर रख दी।

सीसीटीवी से घटना का खुलासा
घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी खंगालना शुरू किया। सामने वाले कैमरे में कुछ नहीं मिला। फिर पीछे वाले एक कैमरे का फुटेज खंगाला गया। इसमें किशोर को देखा गया। उसकी पहचान कर घर पर छापेमारी की गई। वह फरार था। परिजन से पूछताछ और तलाशी लेने के बाद पुलिस लौट गई। जानकारी मिलने पर किशोर ने उक्त पिस्टल मंगलवार रात थाना परिसर में फेंक दी। बुधवार सुबह इसे बरामद किया गया। इसी बीच शाम में पुलिस को सूचना मिली कि वह घर पर है। छापेमारी कर उसे पकड़ लिया गया। थानेदार मो. शुजाउद्दीन ने कहा कि पूछताछ के बाद उसे बाल पर्यवेक्षण गृह भेजा जा रहा है।

सरकारी आवास का बनाया था वीडियो
आरोपित किशोर ने पूरे सरकारी आवास का मोबाइल से वीडियो भी बनाया था। उसने दारोगा की गतिविधि का भी पता कर रखा था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर उसके साथी की तलाश में छापेमारी की, लेकिन वह फरार मिला है। पूछताछ में पता लगा कि चोरी की गई पिस्टल को वह किसी शातिर के हाथों बेचने की फिराक में था। बता दें कि 22 अगस्त की रात काजीमोहम्मदपुर थाना परिसर में स्थित सरकारी आवास का ताला तोड़कर दारोगा शंभूनाथ झा की सर्विस पिस्टल चोरी कर ली गई थी।

 

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें