मुंगेर विश्वविद्यालय के कर्मचारियों को चार महीने से नहीं मिला है वेतन
मुंगेर विश्वविद्यालय के कर्मचारियों को पिछले चार महीनों से वेतन नहीं मिला है। नवंबर से उन्हें कोई ग्रांट नहीं मिली है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति गंभीर हो गई है। होली का त्योहार नजदीक है, लेकिन...

मुंगेर, एक संवाददाता। मुंगेर विश्वविद्यालय एवं इसके अधीनस्थ कॉलेजों के कर्मचारी पिछले चार महीने से वेतन से वंचित हैं। । इन्हें नवंबर से ही वेतन नहीं मिला है। सरकार की ओर से अभी तक उनके वेतन के लिए कोई ग्रांट जारी नहीं की गई है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति गंभीर होती जा रही है। इस बार इन कर्मचारियों के लिए होली का रंग फीका रह सकता है। यही नहीं, कर्मचारियों को दो वर्षों से डीए (महंगाई भत्ता) और एरियर का भुगतान भी नहीं मिला है, जिससे वे आर्थिक तंगी से गुजर रहे हैं। कई कर्मचारियों को कर्ज लेकर घर चलाना पड़ रहा है। होली जैसा त्यौहार सर पर है और अभी तक वेतन तथा डीए एवं एरियर मिलने की कोई संभावना नहीं दिख रही है। ऐसे में कर्मचारी मायूस है और आक्रोश से भरे हुए हैं।
आरडी एंड डीजे कॉलेज, मुंगेर के कर्मी, संजीव कुमार, राकेश कुमार, कमलेश्वरी पंडित, राव विमल, वीरेंद्र ठाकुर एवं राजकुमार सहित सही कर्मचारियों ने कहा कि, चार महीनों से वेतन नहीं मिलने के कारण हमारी आर्थिक स्थिति चरमरा गई है। विश्वविद्यालय ने हमसे डीए एवं एरियर का कल्याण पिछले महीने मांगा था। हमने 2 वर्ष का क्लेम विश्वविद्यालय भेज दिया। हमें आशा थी कि, कम- से- कम डीए एवं एरियर तो जरूर मिलेगा। लेकिन, इस मामले में भी अभी तक निराशा ही हाथ लगी है। उन्होंने कहा कि, यदि जल्द ही वेतन एवं डीए तथा एरियर का भुगतान नहीं किया गया तो होली जैसे त्योहार का रंग फीका रह जाएगा। उन्होंने सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
वहीं, विश्वविद्यालय सूत्रों के अनुसार, विश्वविद्यालय प्रशासन की लापरवाही के कारण शिक्षा विभाग ने भी अब तक ग्रांट जारी नहीं की है। सूत्र ने बताया कि, विश्वविद्यालय द्वारा वेतन का पोर्टल एचआरएमएस पोर्टल अभी तक अपडेट नहीं किया गया है और शिक्षा विभाग को सौप नहीं गया है। इसके कारण सरकार ने अभी तक वेतन का जारी नहीं किया है।इसके चलते ही वेतन भुगतान में देरी हो रही है। ऐसे में, विश्वविद्यालय प्रशासन की निष्क्रियता और शिक्षा विभाग की उदासीनता से नाराज कर्मचारियों ने जल्द समाधान की उम्मीद जताई है, ताकि वे अपने परिवार के साथ खुशहाल त्योहार मना सकें।
कहते हैं अधिकारी:
कर्मचारियों को बकाया वेतन एवं डीए तथा एरियर होली के पूर्व मिले इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। आशा है कि, शिक्षा विभाग जल्द कर्मचारियों के वेतन का ग्रांट जारी करेगी और होली के मौके पर इन्हें पेमेंट मिलेगा।
— कर्नल विजय कुमार ठाकुर, कुलसचिव,
मुंगेर विश्वविद्यालय, मुंगेर
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।