Light Rain in Munger Provides Relief from Heat Monsoon Expected हल्की बारिश से बदला मौसम का मिजाज, लोगों को मिली गर्मी से राहत, Munger Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsMunger NewsLight Rain in Munger Provides Relief from Heat Monsoon Expected

हल्की बारिश से बदला मौसम का मिजाज, लोगों को मिली गर्मी से राहत

मुंगेर में मंगलवार को हल्की बारिश ने गर्मी से परेशान लोगों को राहत दी। पिछले दिनों की तपती धूप के बाद यह बारिश मौसम को सुहावना बना गई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में और बारिश की संभावना है।...

Newswrap हिन्दुस्तान, मुंगेरWed, 18 June 2025 03:40 AM
share Share
Follow Us on
हल्की बारिश से बदला मौसम का मिजाज, लोगों को मिली गर्मी से राहत

मुंगेर, एक संवाददाता। मुंगेर में मंगलवार को दोपहर बाद 2:00 बजे के आसपास हुई हल्की बारिश ने तपती गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को थोड़ी राहत दी। बीते कई दिनों से तेज धूप और भीषण गर्मी से परेशान जनता के लिए यह बारिश राहत की फुहार बनकर आई। बारिश के बाद मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल गया। तापमान में कमी दर्ज की गई और हवा में नमी के साथ हल्की ठंडक घुल गई। इससे लोगों को मौसम से पूरी तरह से तो नहीं लेकिन थोड़ी राहत मिली। मंगलवार को सुबह से ही दिन भर आसमान में बादल छाए रहे और पूर्वी दिशा से चलने वाली हल्की हवा ने मौसम को एक दिन पूर्व की तुलना में काफी हद तक सुहावना बना दिया।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में भी बारिश की संभावना बनी हुई है। वैज्ञानिकों का कहना है कि, मुंगेर में मानसून के प्रवेश की शुरुआत हो चुकी है। वर्तमान वर्षा मानसून की पूर्व पीठिका है। ऐसे में, मुंगेर में आने वाले दिनों में बादल और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। ऐसे में, सुबह और शाम के समय मौसम विशेष रूप से खुशनुमा बना रहेगा। लोगों को तेज धूप से राहत मिलेगी तथा तापमान में और गिरावट आ सकती है। सोमवार को अधिकतम तापमान में लगभग 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जबकि न्यूनतम तापमान में लगभग 1 डिग्री सेल्सियस का मामूली अंतर देखा गया। ऐसे में, वायु गुणवत्ता सूचकांक केंद्र, मुंगेर के अनुसार मंगलवार को मुंगेर का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तो अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, हवा की अधिकतम गति 25 किमी प्रति घंटा रही। जबकि, समाचार लिखे जाने तक मुंगेर शहर में लगभग 1 मिमी तक वर्षा हुई थी। मौसम में आए इस परिवर्तन ने आम जनजीवन को काफी राहत पहुंचाई है। ऐसे में मुंगेर की सड़कों पर मंगलवार को वर्षा होने के बाद हलचल बढ़ गई और कई दिनों के बाद बाजार में रौनक भी लौटा। किसानों के दृष्टिकोण से यह वर्षा फिलहाल फायदेमंद तो नहीं है, लेकिन आज एवं आने वाले दिनों में वर्षा की संभावनाओं को देखते हुए उनकी आंखों में उम्मीद की चमक दिखने लगी है। बुधवार को भी मौसम में सुधार का लक्षण बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आज जिले में लगभग 17 मिमी वर्षा होने की संभावना है। जबकि, मुंगेर शहर में लगभग 2 मिमी वर्षा हो सकती है। वहीं, आसमान में दिनभर बादल छाए रहेंगे और हल्की पूर्वी हवा चलेगी। हवा की अधिकतम गति 24 किमी प्रति घंटा रह सकती है। जबकि मुंगेर का न्यूनतम पारा 1 डिग्री सेल्सियस नीचे गिरकर 27 डिग्री सेल्सियस पर तो अधिकतम पारा 3 डिग्री सेल्सियस नीचे गिरकर 33 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच सकता है। कहते हैं वैज्ञानिक: मुंगेर में जल्द ही मानसून पूरी तरह से सक्रिय होगा। अगले एक-दो दिनों में मानसून के प्रवेश के लिए स्थिति अनुकूल बनेगी। फिलहाल जिले में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। इसके साथ ही मध्यम गति की तेज हवा के साथ बादलों की गरज एवं बिजली की चमक भी दिखाई पड़ सकता है। लोगों को ऐसे मौसम में सावधान रहने की जरूरत है। किस मौसम को देखकर ही अपने खेतों में जाएं। -मुकेश कुमार, वरीय वैज्ञानिक सह प्रधान, केविके, मुंगेर

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।