रंग जुलूस में बरियारपुर के सड़कों पर दिखा लघु भारत का नजारा
बरियारपुर में आयोजित अंग नाट्य यज्ञ के तीसरे दिन, विभिन्न राज्यों के रंगकर्मियों ने रंग जुलूस निकाला। इस दौरान लोक संस्कृति के माध्यम से विविधता में एकता का संदेश दिया गया। जुलूस में 300 से अधिक...

बरियारपुर, निज संवाददाता। अंग नाट्य यज्ञ के तीसरे दिन रविवार को देश के विभिन्न राज्यों से आए रंगकर्मियों ने बरियारपुर की सड़कों पर रंग जुलूस निकाला। अपने-अपने राज्यों की वेशभूषा में रंग कर्मियों की ओर से निकाले गये रंग जूलूस में लघु भारत का नजारा दिखा। रंग कर्मियों ने लोक संस्कृति के माध्यम से विविधता में एकता का संदेश दिया। विभिन्न राज्यों के कला-संस्कृति एवं वेषभूषा को देखकर लोग गदगद हो गये। रंग जुलूस में ऑस्ट्रिया, श्रीलंका एवं नेपाल की संस्कृति भी दिखी। रंग जुलूस में करीब 300 रंग कर्मियों ने भाग लिया। रंग जुलूस देखने सड़क किनारे लोगों की भीड़ लगी रही।
बरियारपुर काली स्थान से लेकर बरियारपुर बाजार तक रंग जुलूस निकाला गया। अनुरोध साहित्य कला केंद्र आजमगढ़ उत्तर प्रदेश के कलाकारों ने मां दुर्गा के नौ रूपों पर आधारित नृत्य किया। डीआरएस कल्चर कोलकाता के कलाकारों ने बंगाली सिंदूर कला नृत्य किया। जाह्नवी सांस्कृतिक मंच पश्चिम बंगाल के कलाकारों ने बांग्ला गीतों पर थिरकते नजर आए। संस्कार भारती नाट्य केंद्र आगरा के कलाकारों ने यूपी का लोकनृत्य का प्रस्तुत किया। सागर श्रदय ओडिसा के कलाकारों ने ओडिसी नृत्य एवं पंचतत्व ओडिसा के कलाकारों ने जगन्नाथ संबलपुरी नृत्य प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। बियोंड विंड नेपाल के कलाकारों ने नेपाली भाषा में भगवान की आराधना किया। वहीं द रंग गिरिडीह के कलाकारों ने बड़ा हनुमान, बाल हनुमान तथा अन्य देवी- देवताओं के रूप में नजर आए। रेड एप्पल इंटरनेशनल थियेटर श्रीलंका के कलाकारों ने रंग जुलूस में स्वच्छता का संदेश दिया। हार्डरो जिनियर यूरोप ऑस्ट्रिया के कलाकारों ने अपनी संस्कृति को प्रदर्शित किया। अंग नाट्य मंच के कलाकारों ने झांसी की रानी का अभिनय किया। संस्कार भारती नाट्य केंद्र आगरा के कलाकारों ने होली के गीतों पर लोकनृत्य किया। रंग जुलूस में राजन कुमार ने चार्ली चैपलिन का अभिनय किया। रंग जुलूस को बरियारपुर थाना के अवर निरीक्षक रवींद्र वर्मा, अनुज अंसारी, मुकुल कुमार आदि ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रंग जुलूस कार्यक्रम के आयोजक अभय कुमार, संजय कुमार, नरेश पासवान, शालू सागर, अर्पित, प्रीति, भानु, अलका, दिवाकर पासवान, लखन ठाकुर, शानू कुमार आदि मौजूद थे।
-----------------
नाटक के माध्यम से मौका परस्त नेताओं पर किया करारा चोट
बरियारपुर, निज संवाददाता। तीन दिवसीय नाट्य महोत्सव के अंतिम दिन कार्यक्रम के अंतिम दिन तीन नाटकों का मंचन किया गया। आजमगढ़ नाट्य दल की ओर से दोहरे चरित्र नाटक का मंचन किया गया। नाटक में वतर्मान राजनीतिक व्यवस्था एवं मौकापरस्त नेताओं पर करारा चोट किया गया। नाटक में दिखाया गया कि आज किस तरह प्रलोभन देकर लोगों के साथ धोखा किया जा रहा है। नाटक में दिखाया गया कि आज के नेता जनता की सेवा की सेवा की जगह चुनाव जीतने के लिए झूठे वादे करते हैं। नाटक के लेखक और निदेशक समरजीत दास थे। नाटक में बेदाभूटी दास, सुनयना, महोली दास, प्रसनजीत सुर आदि ने अभिनय किया। ट्राइको सर्कस थियेटर ऑस्ट्रिया की ओर से साल्सा कीजा नाटक का मंचन किया गया। यह नाटक अंग्रेजी भाषा में रहने के बावजूद दर्शक जमे रहे। नाटक में दिखाया गया कि आज लोग अपने दैनिक जीवन में कितने व्यस्त हैं। बंगाल के कलाकारों ने बंगला भाषा में लोक नृत्य प्रस्तुत किया। जाह्नवी सांस्कृतिक चक्र कोलकाता की ओर से जादू काठीर खेला नाटक का मंचन किया गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।