सेमल का विशाल पेड़ घर पर गिरने से किशोर की मौत
कोटवा प्रखंड के सिरसिया में सोमवार देर शाम आई आंधी-तूफान ने 8 वर्षीय रोज महम्मद की जान ले ली। सेमल का एक बड़ा वृक्ष उसके फूस के घर पर गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों ने उसे खोजा लेकिन तब तक...

पीपराकोठी, एक संवाददाता। कोटवा प्रखंड में सिरसिया में सोमवार देर शाम आई आंधी-तूफान ने एक किशोर की जान ले ली। उसके फूस के घर पर सेमल का एक विशाल वृक्ष गिर गया। जिसमें दब कर उसकी मौत हो गई। किशोर की पहचान अनवारूल हक के आठ वर्षीय पुत्र रोज महम्मद के रूप में हुई है। मौत के बाद घर में चीख पुकार मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जाता है कि जब आंधी तूफान आया तब उसके घर वाले खतरे को देखते सभी बच्चे को लेकर आनन फानन में बाहर निकल गए।
परंतु वह बच्चा घर में ही छुप गया। जब परिजनों ने उसकी खोज की तबतक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक के घर के दोनों ओर पक्के का मकान है। उसके घर के पीछे सटे खेत में विशाल सेमल का वृक्ष था। जिसे पाटीदारी के विवाद के कारण काटा नहीं जा रहा था। वृक्ष काफी पुराना बताया जाता है। उसके जड़ पर हमेशा पानी जमा रहता था। जिसके कारण जड़ कमजोर हो गया था। कोटवा सीओ मोनिका आनंद ने बताया कि सरकारी मुआवजे को लेकर रिपोर्ट जिला को भेजा जा रहा है। थानाध्यक्ष खालिद अख्तर ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। शव पहुंचते ही मचा कोहराम: मृतक रोज महम्मद का शव घर पहुंचते ही गांव में कोहराम मच गया। माता कमरूल निशा का रो रो कर बुरा हाल था। वह बार-बार पुत्र के शव से लिपटकर बेहोश हो जा रही थी। पिता अनवारूल हक जो ट्यूशन पढ़ा कर बच्चों का पोषण करते हैं, उसकी आंसू भी सुख गए। मृतक चार भाई और चार बहनों में तीसरे नंबर का था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।