तापमान 41 डिग्री पर पहुंचा, भीषण गर्मी से बीमार हो रहे लोग
मधुबनी में भीषण गर्मी ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। सोमवार को तापमान 41 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि उमस के कारण यह 42 डिग्री जैसा महसूस हो रहा है। लोग बीमार होकर अस्पतालों में भर्ती हो रहे हैं।...

मधुबनी। जिले में भीषण गर्मी पड़ रही है। सामान्य जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो चुका है। मधुबनी का तापमान सोमवार को 41 डिग्री तक पहुंच गया। उमस की वजह से 42 डिग्री तापमान जैसा महसूस हो रहा था। इस गर्मी और अत्यधिक उमस के बीच अधिकतर लोग बीमार होकर अस्पतालों में भर्ती हो रहे हैं। तेज तल्ख धूप ने शहर से गांव तक लोगों को बेहाल कर दिया। सुबह से ही चिलचिलाती धूप निकली और दिन चढ़ते ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया। गर्मी का असर अस्पतालों से लेकर खेत-खिलहान और तमाम बाजारों में भी दिखा। दिन के 10 बजे से शाम करीब चार बजे तक लोग घर से निकलने में परहेज करते दिखे।
बाजार में इस अवधि में पूरा सन्नाटा दिखा। भीड़-भाड़ वाला इलाका भी सूना दिखा। इस बदलते मौसम की वजह से बच्चे व बुजुर्ग अधिक प्रभावित हो रहे हैं। खासकर सुगर, बीपी व अन्य रोग से पीड़ित मरीज की काफी परेशानी बढ़ी हुई है। शहर की सड़कों पर लोग मुंह ढककर, छाता लेकर और पानी की बोतलें साथ लिए धूप से जूझते नजर आए। जगह-जगह बेल का शरबत, शिकंजी, गन्ने के रस, तरबूज और खरबूज की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ देखी गई। सिविल सर्जन डॉ. हरेन्द्र कुमार ने बताया कि सदर अस्पताल सहित सभी उप स्वास्थ्य केंद्रों तक डायरिया और डिहाइड्रेशन से बचाव के लिए दवाएं भेजी गई है। अस्पतालों में डिहाइड्रेशन के बढ़े मरीज: सदर अस्पताल सहित अन्य अस्पतालों में डिहाइड्रेशन, लूजमोसन और बेहोश होकर मरीज अधिक भर्ती हो रहे हैं। इस तरह के मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। इमरजेंसी के नोडल पदाधिकारी डॉ. कुणाल कौशल ने बताया कि सोमवार को ओपीडी और आईपीडी में करीब 30 प्रतिशत से अधिक मरीज इन शिकायतों के बाद अस्पताल में भर्ती हुए। खासकर अस्पताल की ओपीडी में बुखार, खांसी, बेहोशी, जुखाम, पेटदर्द, लूजमोसन और डिहाड्रेसन के अधिकतर मरीजों को इलाज हुआ। हालांकि प्राप्त जानकारी के मुताविक इस हीट स्ट्रोक, ब्रेन हेमरेज के आधा दर्जन मरीजों की अस्पताल में इंट्री हुई। गर्मी और लू के खतरे से बचने के लिए अधिक पानी पिएं। हल्के रंग के कपड़े पहनें। धूप में निकलने से पहले सिर को ढकें। लू के लक्षणों में तेज सिरदर्द, चक्कर आना, और मितली शामिल हैं। अगर आपको लू के लक्षण दिखें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। इसमें देरी खतरनाक साबित हो सकती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।