निगम में शामिल होने के बावजूद नहीं बदली पलिवार की सड़कों की सूरत
मधुबनी नगर निगम के वार्ड 18 पलिवार में सड़कें जर्जर हो गई हैं, जिससे लोग बीमार पड़ रहे हैं। यहां न तो स्कूल है और न ही अस्पताल। लोग स्वास्थ्य सेवाओं के लिए इमरजेंसी में परेशानी का सामना कर रहे हैं।...
मधुबनी। वर्ष 2020 में मधुबनी नगर निगम का विस्तार किया गया था। पलिवार को भी नगर निगम में शामिल किया गया। इस इलाके की पहचान नगर निगम वार्ड 18 के रूप में होने लगी। निगम में शामिल होने के बाद यहां के लोग विकास कार्यों को लेकर नये- नये सपने देखने लगे थे। दिन-महीने बीतते गए, लेकिन उनके विकास के सपने अबतक धरातल पर उतर नहीं सके हैं। पलिवार आने जाने वाली सड़कें जगह-जगह गड्ढ़ों में तब्दील हो गयी है। वार्ड- 18 के पलिवार से पश्चिम मधुबनी बाजार जाने वाली सड़क हो या फिर उत्तर रांटी बाबू साहब ड्योढ़ी जाने वाली सड़क, सभी की हालात एक समान है। दक्षिण की तरफ तेतराहा जानेवाली सड़क की स्थिति भी बदतर है। लोगों की शिकायत है कि यह इलाका झंझारपुर लोकसभा और राजनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतिम छोर पर होने के कारण किसी का ध्यान इस पर नहीं है। आज भी पलिवार बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। इस इलाके में न तो स्कूल है और न ही कोई अस्पताल।
होली के बाद से धूल उड़ने से बीमार पड़ने लगे लोग: पलिवार जाने वाली जर्जर सड़कों पर बस धूल ही धूल नजर आता है। धूल के बीच आवागमन लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव डाल रहा है। यहां के निवासी श्याम कुमार, मोहन मिश्र व अन्य की मानें तो होली के बाद से सड़क पर आवागमन अधिक मुश्किल हो गया है। धूल के बीच सड़क पर आने -जाने से लोग बीमार पड़ रहे हैं। तेज हवा के साथ घूल उड़ने से घर के दरवाजे पर बैठना मुश्किल हो रहा है। सांस लेने में दिक्कत होती है। बुजुर्गों कोअधिक परेशानी हो रही है। सर्दी खांसी से परेशान हैं। अप्रैल में यह स्थिति है तो आगे और भयावह हो सकती है।
इमरजेंसी में अस्पताल जाना होता है मुश्किल: इमरजेंसी में अस्पताल जाना सबसे दुखदाई क्षण होता है। जर्जर सड़क के कारण लोग किराया पर गाड़ी नहीं देते हैं। मधुबनी बाजार एवं आसपास के गांव के गाड़ीवाले पलिवार क्षेत्र का नाम सुनते ही कुछ न कुछ बहाना बनाने लगते हैं। दिन में भी गाड़ी वाले गांव आने से हिचकते हैं। रात में इमरजेंसी होने पर और अधिक परेशानी होती है जबकि यहां से सदर अस्पताल की दूरी लगभग दो किलोमीटर है। हाट बाजार करने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। जर्जर सड़क के कारण ई-रिक्शा वाले पलिवार नहीं जाना चाहते हैं। सड़क पर गिट्टी होने तथा जगह-जगह गड्ढा होने के कारण बराबर दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
छात्र- छात्राओं को स्कूल काॅलेज जाना होता है मुश्किल : पलिवार में हाईस्कूल नहीं है। उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भी नहीं है। शैक्षणिक संस्थान के नाम पर केवल मिडिल स्कूल है। मैट्रिक, इंटर और उच्च शिक्षा के लिए छात्र-छात्राओं को क्षेत्र से बाहर निकलना पड़ता है। बाहर निकलने के लिए अच्छी सड़क नहीं होने के कारण बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है। मधुबनी टाउन जाने वाली सड़क पर केवल गिट्टी, कंकड़ और गड्ढे नजर आते हैं। सड़क पर साइकिल से आना-जाना भी खतरे से खाली नहीं है। बरसात में स्थिति नारकीय हो जाती है।
नगर निगम से सड़क का निर्माण संभव नहीं : नगर निगम वार्ड 18 के वर्तमान पार्षद की माने तो पलिवार-मधुबनी मुख्य सड़क तथा पलिवार होकर रांटी- से भोकराहा चौक जाने वाली सड़क का निर्माण नगर निगम से संभव नहीं है। वार्ड पार्षद प्रतिनिधि लाल पासवान ने बताया कि दोनों सड़क का निर्माण नगर निगम के कार्य क्षेत्र से बाहर है। यह सड़क विधायक एवं सांसद के क्षेत्र में आता है। सांसद व विधायक के प्रयास से ही दोनों सड़क का निर्माण संभव हो सकेगा।
सड़क नहीं बनी तो बरसात में घर से निकलना होगा मुश्किल
बरसात से पूर्व सड़क निर्माण नहीं हुआ तो मोहल्ले की स्थिति नारकीय हो जाएगी। लोगों को घर से निकलना मुश्किल होगा। रांटी की ओर जाने वाली सड़क तथा तेतराह की ओर जाने वाली सड़क जगह-जगह गड्ढे में तब्दील हो चुकी है। कालीकरण कहीं नहीं दिखती। कहीं गिट्टी तो कहीं मिट्टी दिखाई पड़ती है। पलिवार से चकदह एवं मधुबनी की ओर आने वाली मुख्य सड़क का हाल और खराब है। इस सड़क पर आवागमन खतरे से खाली नहीं है। अगर बरसात से पूर्व सड़क का निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ अथवा सड़क मोटरेबल नहीं बनाया गया तो आवागमन ठप हो सकता है। मोहनपुर एवं आसपास के गांव के लोगों को भी परेशानी हो सकती है। मोहनपुर के लोगों को मधुबनी रेलवे स्टेशन, कलेक्ट्रेट एवं गिलेशन बाजार आने के लिए यह सड़क सबसे उपयोगी है। इस लिए यह जरूरी है कि समय रहते इन सड़कों का मरम्मतीकरण समय रहते की जाए।
¶Fû»FZ dªF¸¸FZQFSX
रांटी से पलिवार जाने वाली सड़क स्वीकृत हो गई है। टेंडर की प्रक्रिया जारी है। शीघ्र टेंडर का काम पूरा होगा। दो महीने के अंदर काम शुरू होने की संभावना है। चकदह से पलिवार जाने वाली सड़क के निर्माण की दिशा में जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। परिणाम भी शीघ्र नजर आने लगेगा।
-डाॅ. रामप्रीत पासवान, विधायक राजनगर
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।