Hindi NewsBihar NewsMadhubani NewsMadhubani Residents Struggle with Waterlogging Issues in Adarsh Nagar Colony

आदर्श नगर कॉलोनी को चाहिए जलजमाव से मुक्ति

मधुबनी शहर के आदर्श नगर कॉलोनी में लगभग 7000 की आबादी जलजमाव से परेशान है। सड़कों की खराब हालत और पानी में चलने की कठिनाई के कारण लोग अस्पताल नहीं जा पा रहे हैं। बारिश के दौरान कॉलोनी पूरी तरह से टापू...

Newswrap हिन्दुस्तान, मधुबनीWed, 19 Feb 2025 12:13 AM
share Share
Follow Us on
आदर्श नगर कॉलोनी को चाहिए जलजमाव से मुक्ति

मधुबनी। आदर्श नगर कॉलोनी। मधुबनी शहर की ऐसी कॉलोनी, जहां करीब सात हजार की आबादी व 1000 परिवार साल में पांच महीने जान हथेली पर रखकर रहते हैं। शहर के पास बसी इस कालोनी में जलजमाव ऐसा नासूर है कि लोगों का जीवन दुरुह हो जाता है। सड़कें इतनी खराब होती हंै कि शहर के बाकी हिस्सों के लोग इधर आना नहीं चाहते। टूटी सड़कों पर डेढ़ से दो फीट पानी में चलना किसी खतरे से कम नहीं है। बीमारों को अस्पताल ले जाना बड़ी चुनौती हो जाती है। सांप-बिच्चू के साये जलजमाव के संक्रमण का खतरा हर वक्त लोगों को सताता है। और तो और सड़क की हालत देख इधर सब्जीवाला भी नहीं आना चाहता। लोगों की पीड़ा इस बात से और बढ़ जाती है कि हमारे ही अफसर आखिर हमारी समस्याओं का समाधान क्यों नहीं करते?

यहां रहनेवाले लोगों का कहना है कि चार -पांच महीने तक आवागमन ठप हो जाता है। पूरी कॉलोनी टापू नजर आती है। मोहल्लेवासियों का कहना है कि एक साथ ही वे दो से तीन महीने का राशन- पानी घरों में स्टॉक कर लेते हैं। कॉलोनी के बगल से नहर गुजरने के बावजूद पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। बरसात के समय आलम यह होता है कि बिना छुट्टी के ही कई दिनों तक स्कूल में छुट्टी की मजबूरी हो जाती है। स्कूली वाहन भी मोहल्ले में नहीं आ पाते। स्कूल वाहन पकड़ने के लिए मुख्य सड़क तक जाने में बच्चों को काफी समस्या होती है। अधिकतर स्कूली छात्र जूता हाथ में लेकर पानी को पार कर हर दिन स्कूल जाने को मजबूर होते हैं। नौकरी-पेशा वाले लोगों को हर दिन घर से निकलना मजबूरी है। जरूरी कार्य रहने के बावजूद भी लोग अंधेरा होने से पहले घर लौटना चाहते हैं। जलजमाव की वजह से तैरते सांप एवं जहरीले कीड़े मकोड़े का भय हमेशा सताता है। लोग कई बीमारियों से भयाक्रांत रहते हैं। आदर्श नगर मोहल्ले में किराए पर मकान लेकर रहने वाले अधिकतर किराएदार पूरी बरसात कॉलोनी से बाहर रहने को विवश हो जाते हैं।

घरों के निचले तले पर जमा रहता है पानी: कॉलोनी में जिन लोगों के घर काफी पहले बने हैं वैसे घरों के ग्राउंड फ्लोर तक में पानी जमा रहता है। हल्की सी बारिश होने से उनके घरों में पानी लग जाता है। अगर घर का कोई सदस्य बीमार हो जाए तो लंबी दूरी तय कर अस्पताल ले जाना पड़ता है। सिर्फ आधा घंटा की मूसलाधार बारिश में ही सड़क और नाले का फर्क मिट जाता है। बरसात में जलजमाव के कारण कॉलोनी के लोगों का शहर के साथ रिश्तेदारों से भी संपर्क टूट जाता है। ठंड के मौसम में भी घरों से निकलने वाला पानी सड़क पर रहता है। नाला और जलनिकासी प्रणाली की बेहतर व्यवस्था नहीं है।

मुहल्ले की अधिकतर सड़कें टूटी: कॉलोनी जाने वाली अधिकतर सड़कें जलजमाव से टूट जाती हैं। ऐसा में बाइक, ई-रिक्शा पलटने की आशंका बढ़ जाती है। गिरने की घटनाएं आए दिन होती है। लोगों का कहना है कि कॉलोनी की दुर्दशा को लेकर अफसर से लेकर जनप्रतिनिधि तक कोई संजीदा नहीं है। अब तक किसी ने इस दिशा में काम नहीं किया है। यहां के लोग प्रशासन का मुंह देख रहे हैं लेकिन अभी तक लोगों को आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला है।

बोले जिम्मेदार: कॉलोनी में जल्द होगा सड़क व नाला निर्माण

निगर निगम के नगर आयुक्त अनिल कुमार ने कहा कि कॉलोनी में कुछ जगहों पर सड़क और नाला का निर्माण किया गया है। शहरी समग्र विकास योजना के तहत एक कमेटी का गठन किया गया। शहर विकास को लेकर बुडको योजना के तहत सड़क और नाला का निर्माण किया जाना है। योजना के तहत जानकारी लेकर कार्य शुरू किया जा रहा है। इसके अलावा वार्ड पार्षद के द्वारा कई योजना दी गई है। इसके लिए कॉलोनी में जलनिकासी के लिए नाला और सड़क का निर्माण कार्य योजना बनाकर शुरू कराया जाएगा।

जलजमाव से निजात जल्द मिलेगी: पार्षद

आदर्श नगर कॉलोनी के वार्ड नंबर सात की पार्षद कविता झा ने बताया कि सड़क पर जलजमाव से टूटी सड़क की मरम्मत कराई गई थी, लेकिन पानी की निकासी नहीं होने की वजह से सड़क बार बार टूट जाती है। नाला और सड़क निर्माण को लेकर योजनाएं दी गई हैं। जल्द ही वार्ड नंबर सात के लोगों को जलजमाव से निजात मिल जाएगी। पानी की निकासी और सड़क निर्माण कार्य शुरू होने का आश्वासन दिया गया है। इससे आर्दश नगर कॉलोनी वासियों को पानी से घिरे होने का डर और उसे होने वाली परेशानियों से निजात मिल जाएगी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें