दो साल बाद भी निगम क्षेत्रों की महायोजना पर नहीं हुआ काम
मधुबनी नगर निगम और आसपास के क्षेत्रों के लिए महायोजना पर दो साल बाद भी कोई कार्य नहीं हुआ है। स्थानीय गांवों की सीमाएं निर्धारित की गई थीं, जिससे विकास कार्यों की उम्मीद थी। लेकिन अभी तक इस पर काम...

मधुबनी,हिन्दुस्तान टीम। मधुबनी नगर निगम व इसके आसपास के क्षेत्रों का महायोजना पर दो साल बाद भी कोई कार्य नहीं हुआ है। महायोजना के लिए स्थानीय गांवों की सीमाएं निर्धारित की गई थी। इस महायोजना का नाम मधुबनी आयोजना क्षेत्र दिया गया था। उत्तर, दक्षिण ,पूरब व पश्चिम करीब एक दर्जन से अधिक गांवों की करीब 144.66 वर्ग किमी सीमाएं निर्धारित की गई थी। लोगों को महायोजना तैयार होने के बाद विकास कार्यो को गति मिलने की उम्मीद थी। लेकिन करीब दो साल बाद भी इस पर काम नही शुरू हुआ है। मधुबनी नगर निगम एवं इसके आसपास स्थित महत्वपूर्ण क्षेत्रों एवं शहरी क्षमता वाले ग्रामीण क्षेत्रों के समेकित एवं सुव्यवस्थित विकास के उद्देश्य से अगले 20 वर्षों अथवा इससे विस्तारित अवधि के लिए महायोजना तैयार करने के लिए आयोजना क्षेत्र घोषित की गई थी। इसकी स्थानीय सीमाएं निर्धारित की गई थी। उत्तर के स्थानीय सीमा में पश्चिमी भाग में मधुबनी सीडी ब्लॉक के रहिका, पोखरौनी, सौराठ, रामखेतारी, सरना होते हुए राजनगर सीडी ब्ल्ॉाक के बेल्हवार, परिहारपुर राजस्व ग्राम तक। दक्षिण के पूर्वी भाग में पंडौल सीडी ब्लॉक के श्रीपुरहाटी , रामखेतरी राजस्व ग्राम होते हुए मधुबनी सीडी ब्लॉक के मधुबनी नगर निगम, खांजीपुर, कटैया, हरिरामपट्टी राजस्व ग्राम तक। पूरब में उत्तर भाग में राजनगर सीडी ब्लॉक के सतघारा, मिर्जापुर एवं अज रकवे सिमरी, बाड़मोतरा, नवटोली, भरिया विशनपुर, राधोपुर बलाट, महिनाथपुर राजस्व ग्राम होते हुए पंडौल सीडी ब्लॉक के अज रकवे नवहथ राजस्व ग्राम तक। पश्चिम के दक्षिण भाग में मधुबनी सीडी ब्लॉक के ककरौल, कमलपुर, हसनपुर, ढेलपुरवा, सतलखा, सिरमपुर राजस्व ग्राम होते हुए तलालक शायर राजस्व ग्राम तक।
करीब 144.66 वर्ग किमी सीमाएं निर्धारित की गई: इस आयोजन क्षेत्र का क्षेत्रफल 144.66 वर्ग किमी. निर्धारित किया गया था। जिसमें शहरी क्षेत्र का क्षेत्रफल करीब 46.56 वर्ग किमी., सेंसस टाउन 1.44 वर्ग किमी. एवं शेष ग्रामीण क्षेत्र का क्षेत्रफल 96.68 वर्ग कि.मी. निर्धारित किया गया था। नगर विकास एवं आवास विभाग पटना के तत्कालीन विशेष सचिव सतीश कुमार सिंह द्वारा जारी अधिसूचना में कहा था कि इस आयोजन क्षत्र के अंतर्गत एक शहरी प्रशासनिक इकाई (मधुबनी नगर निगम), एक सेंसस टाउन (सतघारा) तथा 38 राजस्व ग्राम, जिसमें मधुबनी सीडी ब्लॉक के 18 राजस्व ग्राम, पंडौल सीडी के पांच राजस्व ग्राम एवं राजनगर सीडी ब्लॉक के 15 राजस्व ग्राम को शामिल किया। जानकारी सांसद व विधायक को भी दी गई थी।
मधुबनी आयोजना क्षेत्र के लिए मास्टर प्लान पर काम चल रहा है। विभाग द्वारा एजेंसी चयनित की गई है। प्रथम चरण में इनसेप्सन रिपोर्ट तैयार कर लिया गया है। प्रारंभिक सूचना एजेंसी द्वारा प्राप्त की जा रही है।
-अदनान अहमद, टाउन प्लानर
नगर निगम मधुबनी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।