दो भाइयों के घर में लगी आग, बुजुर्ग झुलसा
झंझारपुर के नवटोली गांव में आग लगने से दो भाइयों के घर और मवेशी घर जल गए। 75 वर्षीय सरयुग मंडल गंभीर रूप से झुलस गए हैं और चार मवेशियों की मौत हो गई। आग कैसे लगी, इसका पता नहीं चला है। दोनों भाई खेत...
झंझारपुर,निज संवाददाता। झंझारपुर प्रखंड के बलनी मेहथ पंचायत के नवटोली गांव में सोमवार की रात अचानक लगी आग में दो सगे भाइयों के घर व मवेशी घर जल कर राख हो गया। आग में झुलसने से 75 वर्षीय वृद्ध सरयुग मंडल गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। जबकि चार मवेशी की मौत हो गई। झुलसने से जख्मी वृद्ध को रात में ही इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया।जहां उनकी हालत गंभीर देख चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर चिकित्सा के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल के वर्न वार्ड रेफर कर दिया। चिकित्सक डॉ विमलेंदु कुमार ने बताया कि वृद्ध की हालत गंभीर थी और करीब 70 फीसदी आग में झुलस गए। परिजनों ने बताया कि आग में घर,उनका सारा सामान व जमा पूंजी जल गया। खाने के लिए अनाज का एक दाना तक नहीं बचा है। आग कैसे लगी इसका पता नहीं चला है। आग में सरयुग मंडल जिस घर मे रहते हैं वह तथा उनके दो पुत्र सज्जन मंडल व पवन मंडल का घर जल कर राख हो गया है। वहीं उससे सटे मवेशी घर भी जल गया। जिसमें झुलसने से चार मवेशी की मौत हो गई।
दोनों भाई रात में नील गाय से फसल को बचाने गए थे खेत : सज्जन मंडल ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उनके गांव के बघार में नीलगाय का उपद्रव काफी बढ़ गया है। रात में जब आग लगी तो उस वक्त दोनों भाई नीलगाय के उपद्रव से फसल को बचाने के लिए खेत पर गए थे। आग लगने की सूचना मिलने पर वे दोनों भाई जब तक घर आते तब तक सब कुछ आग की भेंट चढ़ गयी थी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।