रैयाम में कृषि अधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण
झंझारपुर के रैयाम गांव में सभी नव नियुक्त प्रखंड कृषि पदाधिकारियों और अनुमंडल कृषि पदाधिकारियों का प्रशिक्षण हुआ। इसमें 29 प्रखंड कृषि पदाधिकारी और 3 अनुमंडल कृषि पदाधिकारी शामिल थे। प्रगतिशील किसान...

झंझारपुर। प्रखंड के रैयाम गांव में शुक्रवार को बिहार के सभी नव नियुक्त प्रखंड कृषि पदाधिकारी एवं अनुमंडल कृषि पदाधिकारी की एक दिवसीय प्रशिक्षण हुई। यह प्रशिक्षण रैयाम गांव के प्रगतिशील किसान महेश्वर ठाकुर के यहां हुआ। प्रशिक्षण में 29 प्रखंड कृषि पदाधिकारी एवं तीन अनुमंडल कृषि पदाधिकारी थे। ये सभी अधिकारी पूरे जिला में घूमघूमकर रोस्टर के हिसाब से प्रशिक्षण ले रहे हैं और खेती के गुर सीख रहे हैं। प्रशिक्षण की अवधि 18 फरवरी से 30 मार्च तक है। प्रगतिशील किसान श्री ठाकुर के पुत्र सुरेन्द्र कुमार ठाकुर इफको से ड्रोन का प्रशिक्षण लेकर लौटे हैं और इफको के द्वारा उन्हें एक ड्रोन एवं एक चार चक्का गाड़ी ड्रोन को लाने ले जाने के लिए भी दिया गया है। उन्होने ड्रोन चलाने की पद्धति और केमिकल छिड़काव का तरीका भी अधिकारियों को बताया। उसके बाद प्रगतिशील किसान उन सबों को लेकर अपने विभिन्न खेत की मेड़ पर पहुंचे जहां मसूर, गेहूं, तोरी, आलू, मटर, खेसारी की खेती दिखाई और बताया कि ये खेती आर्गेनिक तरीके से की गई है। अधिकारियों को श्री ठाकुर ने आर्गेनिक खेती में बर्मी कम्पोस्ट का उपयोग सहित अन्य जानकारियां साझा की। श्री ठाकुर ने अधिकारियों को बताया कि ड्रोन से डीएपी और यूरिया का छिड़काव आसान तो है ही साथ ही साथ किफायती भी है। नैनो यूरिया के एक एकड़ का छिड़काव मात्र नौ मिनट में होता है और प्रति एकड़ मात्र तीन सौ रूपया का खर्च आता है। मौके पर अनुमंडल कृषि पदाधिकारी झंझारपुर डा. अमरजीत कुमार, प्रशिक्षु अनुमंडल कृषि पदाधिकारी सुमनजी, बीरेन्द्र कुमार, परिक्रमा रानी सहित 29 प्रशिक्षु प्रखंड कृषि पदाधिकारी मौजूद थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।