दो बदमाशों ने गोली मारकर की युवक की हत्या
उदाकिशुनगंज में लौनियाचक के पास बदमाशों ने टुनटुन सहनी (45) की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। बदमाशों ने दिनभर टुनटुन की रेकी की और रात में उसे निशाना बनाया। पुलिस ने...

उदाकिशुनगंज। लौनियाचक में बेखौफ बदमाशों ने गोली मारकर एक युवक की हत्या कर दी। घटना की वजह आपसी रंजिश बताई जा रही है। हालांकि हमलावर अभी गिरफ्त से दूर हैं। लौनियाचक निवासी टुनटुन सहनी (45 वर्ष) सोमवार की रात करीब आठ बजे उदाकिशुनगंज बाजार से मछली लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान बाइक से आए दो बदमाशों ने टुनटुन के घर से करीब पांच सौ मीटर पहले उस पर पीछे से गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली मारने के बाद बदमाश भाग निकले।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। टुनटुन को खून से लथपथ देख वार्ड पार्षद अजय मंडल ने पुलिस को घटना की सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे पीएचसी पहुंचाया। हालत गंभीर देख मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान देर रात टुनटुन की मौत हो गयी। वह मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना स्थल का निरीक्षण के दौरान पुलिस को एक खोखा बरामद हुआ। युवक को गोली मारने की खबर से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। एसाडीपीओ अविनाश कुमार ने बताया कि घटनास्थल से एक खोखा बरामद हुआ है। प्रथम दृष्टया पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। घटना की जांच की जा रही है।
बाइक सवार दिन से ही कर रहे थे रेकी, रात में मारी गोली: उदाकिशुनगंज। थाना क्षेत्र के लौनियाचक में सोमवार की रात युवक को गोली मारने के पहले बदमाश दिन से ही उसकी रेकी कर रहे थे। सोमवार की रात मौका देखते ही बदमाशों ने टुनटुन को गोली मार दी। गांव के ही एक परिवार के लोगों द्वारा हत्या की साजिश रचने की बात कही जा रही है।
बताया गया कि मृतक टुनटुन सहनी (45) की पुत्री का पड़ोस के एक युवक ने करीब दो साल पूर्व एक वीडियो बना रहा था। वीडियो बनाते हुए देखने के बाद युवक के साथ मारपीट की गयी थी। इस मामले को लेकर गांव के लोगों के बीच पंचायत हुई थी। वीडियो बनाने वाले युवक को दोषी ठहराते हुए जुर्माना लगाया गया था। उसके बाद से युवक के परिवार के लोग टुनटुन सहनी को जान से मारने की धमकी दे रहे थे। मृतक के परिजनों के अनुसार सोमवार को दोपहर के वक्त काले रंग की एक बाइक पर हेलमेट लगाये दो युवक टुनटुन सहनी के घर के सामने रुके। इस दौरान वीडियो बनाने वाले युवक के परिवार के एक सदस्य द्वारा इशारे से टुनटुन की पहचान करायी गयी। इसके बाद बाइक सवार युवक गमैल की तरफ निकल गए। उदाकिशुनगंज बाजार से घर लौटने के दौरान सोमवार की रात बदमाशों ने गोली मार कर उसकी हत्या कर दी गयी। हत्या की घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।