संभावित मेडिकल कॉलेज के लिए भूमि की तलाश तेज
संभावित मेडिकल कॉलेज के लिए भूमि की तलाश तेज
बड़हिया, एक संवाददाता। स्थानीय जिला लखीसराय में संभावित मेडिकल कॉलेज के स्थापना की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। बीते दिनों लखीसराय में आयोजित दिशा की अहम बैठक में शामिल हुए केंद्रीय मंत्री सह मुंगेर लोकसभा के सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने जानकारी दी थी कि उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से लखीसराय में मेडिकल कॉलेज की स्थापना हेतु आग्रह किया है। मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया है। इसी आग्रह और आश्वासन के संदर्भ में अब कॉलेज के लिए उपयुक्त भूमि की तलाश तेज कर दी गई है। शुक्रवार को जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने बड़हिया क्षेत्र का दौरा किया। इस क्रम में उन्होंने बड़हिया रेलवे स्टेशन से पश्चिम स्थित गढ़टोला में एक संभावित भूमि का भौतिक और दस्तावेजी निरीक्षण किया। यह भूमि लोक कल्याण शिक्षण संस्थान ट्रस्ट के अधीन है। जिसका कुल रकबा 21 एकड़ है। यह भूमि बड़हिया के कोठवा मौजा में स्थित है। ज्ञात हो कि यह भूमि समाजवादी नेता स्व कपिलदेव सिंह द्वारा संरक्षित की गई थी। वर्तमान में इस ट्रस्ट के अध्यक्ष उनके पुत्र डॉ अर्जुन प्रसाद सिंह हैं। जिन्होंने सांसद की घोषणा के बाद यह प्रस्ताव दिया है कि यह भूमि मेडिकल कॉलेज के लिए समर्पित की जा सकती है। इस संबंध में जदयू नेता सह नगर परिषद सभापति के प्रतिनिधी सुजीत कुमार ने जिलाधिकारी से मिलकर पूरी जानकारी साझा की और भूमि निरीक्षण का आमंत्रण दिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी श्री मिश्र ने सभी बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उनके साथ पार्षद प्रतिनिधि संजीव कुमार, जदयू नेता धर्मराज कुमार और अशोक सिंह भी उपस्थित थे। प्रबुद्ध लोगों का मानना है कि बड़हिया क्षेत्र मेडिकल कॉलेज के लिए एक उपयुक्त स्थान है। यह क्षेत्र सड़क और रेलवे से जुड़ा हुआ है। साथ ही प्रस्तावित ग्रीन फील्ड फोर लेन परियोजना भी इसी क्षेत्र से होकर गुजरती है। यह कॉलेज लखीसराय के साथ-साथ शेखपुरा, नालंदा और आसपास के जिलों के लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगा। अगर यह प्रस्ताव मूर्त रूप लेता है तो यह लखीसराय जिला वासियों के लिए एक बड़ी सौगात होगी और स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में एक नया मील का पत्थर साबित हो सकता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।