किशनगंज के लाल डॉ. अभिनव को राष्ट्रपति ने किया सम्मानित
किशनगंज के डॉ. अभिनव अग्रवाल को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने नई दिल्ली में आयोजित समारोह में गोल्ड मेडल से सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें एम्स से एमबीबीएस की पढ़ाई में अव्वल प्रदर्शन के लिए मिला। डॉ....

किशनगंज, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। किशनगंज के लाल ने दिल्ली में धमाल मचा दिया। किशनगंज शहर के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. सुशील अग्रवाल के पुत्र डॉ. अभिनव अग्रवाल को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने नई दिल्ली में शुक्रवार को आयोजित समारोह में गोल्ड मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें एम्स से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने के दौरान अव्वल प्रदर्शन के लिए दिया गया है। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित अखिल भारतीय आर्युविज्ञान संस्थान के 49वें दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने किशनगंज के लाल डॉ. अभिनव अग्रवाल को गोल्ड मेडल प्रदान किया। इस समारोह में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा सहित कई नामचीन हस्ती मौजूद थे। किशनगंज के लाल की कामयाबी पर जिले में खुशी की लहर दौड़ गयी है। अखिल भारतीय मारवाड़ी सम्मेलन के राष्ट्रीय संगठन मंत्री महेश जालान, संजय उपाध्याय सहित कई लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए इसे किशनगंज के लिए बड़ी कामयाबी करार दी है। बता दें कि किशनगंज के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. सुशील अग्रवाल के पुत्र डॉ. अभिनव ने एम्स नई दिल्ली से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर ली है। अब वे पीजी (मेडिकल) की तैयारी कर रहे ह्रैं। बता दें कि डॉ. अभिनव के पिता स्व. डॉ. सुशील अग्रवाल जिले के प्रसिद्ध चिकित्सक थे।
पिता के निधन के बाद डॉक्टर बनने की मिली प्रेरणा :
किशनगंज शहर के बाल मंदिर रोड निवासी डॉ. अभिनव ने बताया कि फरवरी 2015 में उनके पिता डॉ. सुशील अग्रवाल की मौत हो गयी। उस वक्त आठवीं कक्षा में अध्ययनरत अभिनव को अपने पिता की मौत के बाद डॉक्टर बनने की प्रेरणा मिली। बाल मंदिर से 10वीं परीक्षा पास करने के बाद आगे की पढ़ाई के लिए अभिनव राजस्थान के कोटा चले गये। 2019 में 12वीं कक्षा में 98 प्रतिशत अंक प्राप्त करने के बाद अभिनव ने इसी वर्ष मेडिकल प्रवेश परीक्षा में ऑल इंडिया में 43वां रैंक प्राप्त किया। एम्स नई दिल्ली में नामांकन लेने के बाद एमबीबीएस की पढ़ाई के दौरान अभिनव वहां भी कामयाबी का परचम लगातार लहराते रहे। 31 दिसंबर 2024 को एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने के बाद वर्तमान में पीजी की तैयारी कर रहे हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।