पत्नी को धारदार हथियार से मार डाला, किया आत्मसमर्पण
दिघलबैंक के बेंतबारी गांव में अब्दुस शकूर ने अपनी पत्नी रूबी बेगम की धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना के बाद वह फरार हो गया, लेकिन बाद में किशनगंज सदर थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी...

दिघलबैंक। गंधर्वडांगा थाना क्षेत्र के बेंतबारी गांव में अब्दुस शकूर नामक शख्स ने गुरुवार रात अपनी पत्नी रूबी बेगम (40 वर्ष) की धारदार हथियार से हत्या कर दी। हत्या के बाद वह फरार हो गया, लेकिन शुक्रवार दोपहर बाद खुद ही किशनगंज सदर थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। मृतका के पिता के फर्द बयान पर आरोपी पति के खिलाफ गंधर्वडांगा थाने में नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह लोगों को उस वक्त हुई जब मृतका का देवर घर में आया और देखा कि रूबी बेगम का खून से लथपथ शव आंगन में पड़ा है। जानकारी मिलते ही आसपास के लोग जुटे और सरपंच ने पुलिस को सूचना दी। एसडीपीओ टू ठाकुरगंज मंगलेश कुमार तथा गंधर्वडांगा थाने की पुलिस टीम ने घटनास्थल पर लोगों से पूछताछ की। ग्रामीणों ने बताया कि रूबी और अब्दुस शकूर की शादी लगभग 20 वर्ष पहले हुई थी और उनके चार बच्चे भी हैं। घटना कब और कैसे हुई इस बात की स्पष्ट जानकारी किसी के पास नहीं है। अब्दुस का घर गांव से थोड़ी दूरी पर है और घटना के वक्त वे दोनों ही घर में थे। कुछ लोगों का कहना था कि दोनों में खाने को लेकर कुछ विवाद हुआ, जिसके बाद शकूर ने पत्नी के चेहरे पर धारदार हथियार से हमला कर उसे मार डाला। एसपी सागर कुमार ने कहा कि पत्नी की हत्या के आरोपी अब्दुस शकूर ने किशनगंज सदर थाने में आत्मसमर्पण किया है। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।