बेलदौर: वाहन संचालकों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी
बेलदौर: वाहन संचालकों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारीबेलदौर: वाहन संचालकों की हड़ताल दिन भी जारीबेलदौर: वाहन संचालकों की हड़ताल दिन भी जारी

बेलदौर, एक संवाददाता। बंदोबस्त धारक के द्वारा बस स्टैंड के वसूली के विरोध में वाहन संचालकों का हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रहा। इससे यात्रियों को गंतव्य की ओर जाने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उल्लेखनीय है कि गुरुवार को नगर पंचायत कार्यालय के द्वारा बेलदौर बस स्टैंड का बंदोबस्ती खुली डाक प्रक्रिया के द्वारा करवाई गई थी। जिसमें 16 लाख 21 हजार रुपये में इसकी बंदोबस्ती नगर पंचायत के शेर बासा निवासी धीरज कुमार के नाम से की गई। बंदोबस्त धारक के द्वारा बंदोबस्ती के दूसरे दिन से ही बस स्टैंड शुल्क की वसूली की जाने लगी, जिससे नाराज हो बस संचालकों ने शुक्रवार को थाना चौक के समीप आधा घंटा तक सड़क जाम कर अपना विरोध जताया। इस विरोध के बावजूद भी मामला नहीं सुलझने पर शनिवार से वाहन संचालकों ने मांग पूरी होने तक बेलदौर बस स्टैंड से यात्री वाहनों का आवागमन ठप कर दिया है। बस संचालकों के मुताबिक नियमानुसार दिन में एक बार ही बस स्टैंड शुल्क की वसूली की जानी चाहिए, लेकिन इसके विपरीत जितने बार यात्री वाहन इस स्टैंड से गुजरते हैं, उतनी बार शुल्क की वसूली बंदोबस्त धारक के द्वारा की जाती है। इस विवाद को लेकर यात्री वाहन संचालकों एवं बंदोबस्त धारक के कर्मचारियों के बीच तीखी नोंक-झोंक होते रहती है। बहरहाल इससे नाराज हो यात्री वाहन के संचालकों ने शनिवार से अपने अपने वाहनों को खड़ा कर इस स्टैंड से आवाजाही बंद कर दी है। समाचार लेखन तक हड़ताल कर रहे वाहन संचालकों के साथ इसे समाप्त करवाने के लिए प्रशासनिक अथवा बंदोबस्त धारक के द्वारा कोई पहल नहीं किए जाने की खबर है। उल्लेखनीय है बेलदौर होकर मधेपुरा जिला के आलमनगर के साथ ही बेलदौर से एक दर्जन से अधिक बड़े वाहनों की आवाजाही वाया महेशखूंट होते हुए खगड़िया की ओर जाती एवं आती है। यात्री वाहन के संचालकों के हड़ताल से आम यात्रियों को यात्रा करने में परेशानी हो रही है। उन्हें या तो स्वयं के साधन से अथवा छोटे वाहनों को रिजर्व कर यात्रा करने को विवश होना पड रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।