तापमान में होगी बढ़ोतरी ठंड से राहत की संभावना
कटिहार में ठंड खत्म होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक पंकज कुमार ने बताया कि सोमवार को दिन का तापमान बढ़ेगा और रात का तापमान 13 डिग्री तक पहुंच सकता है। अगले कुछ दिनों में तापमान में वृद्धि की...

कटिहार। कटिहार सहित आसपास के इलाके में ठंड का अवसान अब समीप आ गया है। मौसम पूर्वानुमान की जानकारी देते हुए कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक पंकज कुमार ने बताया कि सोमवार को दिन के तापमान में मामूली वृद्धि होगी। जबकि रात का तापमान बढ़कर 13 डिग्री पर पहुंचने की संभावना है। उन्होंने बताया कि इस दौरान पछुआ हवा के बदले मंद गति से पुरवा हवा का प्रवाह जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि सोमवार को 5 से 11 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से पुरवा हवा चलने की संभावना है। उन्होंने बताया कि इस दौरान आसमान साफ एवं मौसम शुष्क रहेगा। जबकि खिली हुई धूप से लोगों को राहत मिलने की संभावना जताई जा रही है। कृषि वैज्ञानिक ने बताया कि अधिकतम तापमान में अगले तीन-चार दिनों के दौरान तीन से चार डिग्री की वृद्धि के साथ-साथ न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि होने का पूर्वानुमान है। उन्होंने बताया कि अगले 48 घंटे के दौरान एक पश्चिमी विक्षोभ के आने के आसार हैं। रविवार के अहले सुबह जिले के विभिन्न भागों में हल्का से मध्यम दर्जे का कोहरा छाया रहा। जिसके कारण वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि 7:30 बजे के बाद खिली हुई धूप निकलने के साथ ही कोहरा छट गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।