Notification Icon
Hindi Newsबिहार न्यूज़Hockey Women Asian Champion Trophy 2024 will be organized in new stadium of Rajgir Nitish Kumar says welcome

बिहार में नवंबर में होगा महिला एशिया हॉकी टूर्नामेंट, नीतीश बोले- राजगीर में स्वागत है

बिहार के राजगीर में नया अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम बनकर तैयार है। नवंबर महीने में यहां पहली बार महिला एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन किया जाएगा।

Jayesh Jetawat नई दिल्ली, हिन्दुस्तान टाइम्सThu, 29 Aug 2024 03:36 PM
share Share

हॉकी के प्रशंसकों के लिए अच्छी खबर है। इस साल महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन बिहार के राजगीर में होने जा रहा है। नालंदा जिले में स्थित राजगीर में हाल ही में एक आधुनिक हॉकी स्टेडियम का निर्माण किया गया है। यहां पर आगामी 11 से 20 नवंबर 2024 के बीच महिला एशियाई हॉकी चैंपियनशिप खेली जाएगी। पहली बार बिहार में अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन होगा। राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस पर खुशी जताते हुए अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का स्वागत किया है।

पिछले साल झारखंड के रांची ने महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी की थी। उस दौरान भारत ने यह खिताब जीता था। आगमी टूर्नामेंट में मौजूदा चैंपियन भारत के अलावा ओलंपिक में सिल्वर मेडल विजेता विजेता चीन, जापान, कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड के भी हिस्सा लेने की संभावना है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस मौके पर खुशी जताते हुए अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी खिलाड़ियों का बिहार में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि 8वीं महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी के लिए बिहार सरकार को समर्थन देने पर वे बहुत खुश हैं। हमें उम्मीद है कि इस आयोजन में हिस्सा लेने वालीं हॉकी टीमें, अधिकारी और प्रशंसक हमारी मेजबानी का लुत्फ उठाएंगे। इस आयोजन को सफल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

एशियाई हॉकी फेडरेशन के अध्यक्ष दातो फुमिओ ओगुरा ने कहा कि 8वीं महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन भारत में होगा। हॉकी इंडिया ने पिछले साल भी महिला और पुरुष एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन सफलतापूर्वक किया था। पिछली बार की तरह इस साल भी राजगीर में होने वाला आयोजन सफल होगा। हमें यही उम्मीद है।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की ने कहा कि राज्य में महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन को लेकर वे उत्साहित हैं। यह एक ऐतिहासिक पल है। क्योंकि बिहार में पहली बार अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए एशियाई हॉकी फेडरेशन और बिहार सरकार के हम आभारी हैं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें