सीयूएसबी को मिला विकसित भारत युवा संसद महोत्सव 2025 के आयोजन का दायित्व
दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय में विकसित भारत युवा संसद महोत्सव 2025 का आयोजन होगा। यह कार्यक्रम कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह की देखरेख में होगा और 300 नोडल जिलों में से गया जिला चयनित है।...
दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) में मार्च के महीने में विकसित भारत युवा संसद महोत्सव 2025 के आयोजन का दायित्व मिला है। कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह के संरक्षण में इस कार्यक्रम का आयोजन सीयूएसबी के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के समन्वयक प्रो. बुधेंद्र कुमार सिंह करेंगे। पीआरओ मो. मुदस्सीर आलम ने बताया कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से आयोजित किये जाने वाले विकसित भारत युवा संसद महोत्सव 2025 के तहत भारत के चयनित 300 नोडल जिलों में गया जिला भी नोडल जिला के रूप में चयनित किया गया है। गया नोडल जिला में गया के साथ संबद्ध जिलों में जहानाबाद, नवादा और औरंगाबाद भी शामिल है। गया नोडल जिले के कार्यक्रम अध्यक्ष और सीयूएसबी के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के समन्वयक प्रो बुधेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि यह कार्यक्रम तीन चरणों (जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर) में आयोजित किया जायेगा। चयनित प्रतिभागियों को नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में संसद भवन में भाग लेने का अवसर मिलेगा, जहां वे नीति निर्माताओं और राष्ट्रीय नेताओं के साथ संवाद कर सकेंगे। प्रो. बुधेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि 18 से 25 वर्ष के हर इच्छुक युवा mybharat.gov.in पर 9 मार्च 2025 तक आवेदन कर सकते हैं। पंजीकरण के लिए इच्छुक युवाओं को ''आपके लिए विकसित भारत का क्या अर्थ है?'' विषय पर एक मिनट का वीडियो अपलोड करना अनिवार्य होगा। अपलोड किये गये वीडियो की स्क्रीनिंग के बाद चयनित अधिकतम 150 युवाओं को गया में दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय में आयोजित विकसित भारत युवा संसद में प्रतिभागियों को ''वन नेशन वन इलेक्शन : विकसित भारत के मार्ग की ओर'' विषय पर अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।