Hindi Newsबिहार न्यूज़DGP Bihar Alok Raj in action visited many offices gave these tasks to bihar police officers

कमान थामते ही एक्शन में DGP आलोक राज; पदाधिकारियों को दिया ये टास्क, चुनौतियां भी गिनाई

डीजीपी ने पटना पुलिस के आई ट्रिपल सी भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने यहां के कार्यकलापों की सराहना करते हुए कहा कि आने वाले दिनों में बिहार पुलिस को इसका और लाभ मिलेगा। इसके बाद डीजीपी रेंज आईजी के दफ्तर में गये। पदाधिकारियों को उन्होंने कई आवश्यक दिशा निर्देश दिया।

Sudhir Kumar हिन्दुस्तान, पटनाSun, 1 Sep 2024 01:12 AM
share Share

बिहार के नये डीजीपी आलोक राज पटना पुलिस कार्यालय में शनिवार की दोपहर पहुंचे और तकरीबन ढाई घंटे तक रहकर पुलिस के कार्यकलापों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आपराधिक मामलों का खुलासा करने के साथ ही पुलिस निरोधात्मक कार्रवाई भी करे। साथ ही सुबह की सैर वाली जगहों पर गश्ती जरूर करें। डीजीपी ने बिहार पुलिस के आला अधिकारियों को कई निर्देश(टास्क) दिया और पुलिस की चुनौतियां भी गिनाई। इससे पहले शुक्रवार को उन्होंने पूर्व डीजी आरएस भट्टी से पदभार लिया।

डीजीपी ने पटना पुलिस के आई ट्रिपल सी भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने यहां के कार्यकलापों की सराहना करते हुए कहा कि आने वाले दिनों में बिहार पुलिस को इसका और लाभ मिलेगा। इसके बाद डीजीपी रेंज आईजी के दफ्तर में गये। वहां एडीजी विधि व्यवस्था संजय सिंह, रेंज आईजी गरिमा मलिक, डीआईजी सह एसएसपी राजीव मिश्रा, तीनों सिटी व ग्रामीण एसपी के साथ अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे। सूत्रों की मानें तो डीजीपी ने क्राइम कंट्रोल, वारंट का निष्पादन, लंबित मामलों का निपटारा, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, गश्ती व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने सहित अन्य निर्देश दिये हैं।

सुबह की सैर वाली जगहों पर करें गश्ती

उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने के लिए वे यहां आये हैं। इससे पहले डीजीपी के सामने सम्मान परेड किया गया। डीजीपी ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि जिस जगह सुबह के वक्त लोग टहलने जाते हैं, वहां गश्ती की व्यवस्था होनी चाहिए। इसके अलावा नियमित रूप से बैंकों की चेकिंग हो। पुलिस समय-समय पर आपराधिक दृष्टिकोण से वाहनों की जांच भी करे।

डीजीपी आलोक राज के साथ अपर पुलिस महानिदेशक जितेन्द्र सिंह गंगवार और अपर पुलिस महानिदेशक, विधि-व्यवस्था संजय सिंह भी मौजूद थे। जानकारी के अनुसार डीजीपी आलोक राज ने स्पेशल ब्रांच, अपराध एवं अनुसंधान विभाग, डीजीपी कंट्रोल रूम, पुलिस मुख्यालय स्थित मीडिया सेंटर, फॉरेसिंग साइंस सेल सहित अन्य कार्यालयों में गए। इसके बाद वे राजधानी के विभिन्न पुलिस कार्यालयों के निरीक्षण के लिए प्रस्थान कर गए।

ये भी पढ़े:नए डीजीपी का पैतृक गांव जश्न में डूबा, जानिए कहां के मूल निवासी हैं आलोक राज

पुलिस पदाधिकारी टीम भावना से काम करें

बिहार के नए डीजीपी आलोक राज ने राज्य के पुलिस पदाधिकारियों को टीम भावना से काम करने का निर्देश दिया है। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को कहा कि वे पूरी ऊर्जा और शक्ति के साथ काम करें। टीम भावना से काम करने से ही कार्य की सफलता सुनिश्चित होती है। आलोक राज ने शनिवार को पुलिस मुख्यालय के विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया और वहां के कामकाज की जानकारी अधिकारियों और कर्मियों से ली। डीजीपी की जिम्मेदारी संभालने के दूसरे दिन ही 11 बजे से 1 बजे तक करीब तीन घंटे तक उन्होंने पुलिस मुख्यालय के विभिन्न कार्यालयों की कार्य प्रणाली को नजदीक से देखा। बीच-बीच में उन्होंने पुलिस कर्मियों को बेहतर कार्य के लिए प्रोत्साहित भी किया।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें