एसएच 75 पर वाहन की ठोकर से युवक की मौत
कमतौल में एक युवक की दुर्घटना में मौत हो गई। 23 वर्षीय ऋतिक कुमार को तेज रफ्तार मैजिक वाहन ने टक्कर मारी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की पत्नी और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।...

कमतौल। कमतौल-दरभंगा एसएच 75 पर बीते शनिवार की रात करीब नौ बजे वाहन की ठोकर से बाइक सवार एक युवक की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी। युवक की पहचान कमतौल निवासी महेश महतो के पुत्र 23 वर्षीय ऋतिक कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह किसी काम से घर से निकला था। इसी दौरान कमतौल से दरभंगा की तरफ तेज रफ्तार में जा रहे मैजिक वाहन ने उसे टक्कर मार दी। सूचना मिलते ही कमतौल पुलिस मौके पर पहुंच गयी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए उसे डीएमसीएच भेज दिया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार यदि युवक के सिर पर हेलमेट होता तो शायद उसकी जान बच सकती थी क्योंकि वह सिर के बल ही सड़क पर गिरा था। इससे उसका सिर फटकर दो भागों में विभक्त हो गया था।
पुलिस निरीक्षक सह कमतौल थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। रविवार की शाम उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। मृतक तीन भाई और एक बहन में सबसे बड़ा था। उसकी शादी हो चुकी थी। उसे एक वर्ष का एक पुत्र भी है। इस घटना से उसकी पत्नी कामिनी देवी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उसके मासूम बेटे को तो यह भी पता नहीं कि अब उसका पिता इस दुनिया में नहीं है। पत्नी व मां सहित सभी का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है। गांव में शोक का माहौल है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।