सड़क गड्ढों में तब्दील, नाले और स्ट्रीट लाइट तक नहीं
समस्तीपुर के वार्ड पांच स्थित गैस गोदाम मोहल्ले के निवासी सड़क और नाले की खराब स्थिति से परेशान हैं। दस वर्षों से जर्जर सड़क पर बड़े गड्ढे हैं, जिससे दुर्घटनाएं होती हैं। स्थानीय लोग प्रशासन से सुधार...
समस्तीपुर। शहर के वार्ड पांच स्थित गैस गोदाम मोहल्ले के लोग सड़क और नाले जैसी मूलभूत जरूरतों के लिए तरस गए हैं। यहां की सड़क दस वर्षों से जर्जर है। सड़क के गड्ढ़ों में पानी भरा रहता है। अक्सर इन गड्ढ़ों के कारण लोग सड़क पर गिर जाते हैं। नगर निगम में शामिल होने के बावजूद यहां की समस्याओं का निदान नहीं हो सका है। स्थानीय लोग जनप्रतिनिधि और प्रशासन पर समस्याओं का नजरअंदाज करने का आरोप लगा रहे हैं। जिले में सड़कों का जाल बिछा कर विकास के दावे किए जा रहे हैं। लेकिन, नगर निगम क्षेत्र के ताजपुर रोड से गैस गोदाम रोड में रहने वालों की सड़क संबंधी समस्याएं कम नहीं हो रही हैं। स्थानीय लोगों की माने तो वार्ड-5 के इस इलाके में जाने वाली सड़क करीब एक दशक से अधिक समय से जर्जर है। यह सड़क लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। लोग बताते हैं कि सड़क के कारण लोग संभावित हादसों से आशंकित रहते हैं। मजबूरी में लोग इस बदहाल सड़क पर जान जोखिम में डाल कर यात्रा करते हैं।
अनदेखी से सड़क बदहाल : गैस गोदाम मोहल्ले में लगभग ढाई सौ घर हैं। हर रोज हजारों लोगों का अवागमन इस मार्ग से होता है, लेकिन इस बदहाल सड़क की ओर किसी भी जनप्रतिनिधि का ध्यान नहीं जा रहा है। इसको लेकर लोगों ने कई बार स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क की स्थिति सुधारने की गुहार लगा चुके हैं। दूसरी तरफ स्थिति दिन प्रतिदिन बिगड़ती ही जा रही है। इसकारण क्षेत्र के लोग व्यथित हैं। स्थानीय एके श्रीवास्तव बताते हैं कि सड़क की उपेक्षा से यह साबित हो जाता है कि उच्च पदों पर बैठे अधिकारी ऐसे मामलों में कितने संवेदनशील हैं, वे लगातार अनदेखी कर रहे हैं। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गये हैं वहीं पुरानी सड़क की गिट्टी भी उखड़ कर हादसे को आमंत्रित कर रही है। स्थानीय अरुण राय बताते हैं कि बरसात के समय यहां की स्थिति और भी दयनीय हो जाती है। मुहल्ले से जलनिकासी की व्यवस्था नहीं है। नाला नहीं होने के कारण घरों का गंदा पानी भी सड़क पर बहता है।
बरसात में सड़क पर तीन फीट तक पानी : अशोक कुमार सिंह का आरोप है कि लगभग 10 वर्ष से भी अधिक समय से सड़क की यही स्थिति है। मुहल्ले में नये-नये घरों का निर्माण जारी है लेकिन सड़क की स्थिति काफी खराब है। इसको लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों से लेकर अधिकारियों तक गुहार लगाई गई लेकिन स्थिति जस की तस है। बरसात के दिनों में सड़क पर दो से तीन फुट तक पानी लग जाता है। सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों को स्कूल छोड़ने में और बीमार मरीज को अस्पताल ले जाने में होती है। मोहल्ले के चंद्रकिशोर तिवारी कहते हैं कि गैस गोदाम वाली सड़क पूरी तरह से बदहाल स्थिति में है। इस सड़क पर इतने बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं कि लोगों का चलना कठिन हो गया है।
जाम की समस्या आम : ताजपुर रोड में जाम होने पर लगभग सभी वाहन इसी रास्ते होकर मोहनपुर, गंगापुर की तरफ जाते हैं। बावजूद इसके इस सड़क को नये सिरे से बनाना तो दूर इसकी मरम्मत भी नहीं की जा रही है। स्थानीय राजीव कुमार सिंह ने बताया कि गैस गोदाम मोहल्ला पॉश इलाका बनता जा रहा है। यहां धर्मपुर उच्च विद्यालय भी है जिसके बच्चे व शिक्षक इसी रास्ते से आते हैं और आये दिन दुर्घटना का शिकार होते-होते बचते हैं। इस सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है। सड़कों पर उभर आए गड्ढे वाहन चालकों के लिए भी खतरनाक हैं। दोपहिया वाहन चालक हर रोज इन गड्ढों से बचने की कोशिश में दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। भारी वाहनों के गुजरने से सड़क की गिट्टी भी उखड़कर बाहर आ गयी है, जिससे हालात दिनों-दिन बिगड़ती जा रही हैं।
स्ट्रीट लाइट भी व्यवस्था नहीं : स्थानीय निवासी भिखर प्रसाद यादव ने बताया, सड़क पर गड्ढे इतने बड़े हो गए हैं कि कई बार बच्चे और बुजुर्ग इनकी चपेट में आकर गिर जाते हैं। रात के समय और ज्यादा खतरा रहता है क्योंकि स्ट्रीट लाइट भी इस सड़क पर निगम के द्वारा नहीं लगायी गयी है।
प्रशासन के लिए भी बनेगी बड़ी समस्या : लोगों को उम्मीद है कि शासन-प्रशासन सड़क और नाला निर्माण की दिशा में जल्द ही कोई ठोस कदम उठाएगा। अगर समय रहते इस समस्या का हल नहीं निकाला गया तो यह न सिर्फ आम लोगों के लिए बल्कि प्रशासन के लिए भी एक बड़ी समस्या बन सकती है। स्थानीय लोग अब सरकार और प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क मरम्मत और जल निकासी की उचित व्यवस्था करने की मांग कर रहे हैं।
सड़क का निर्माण आरसीडब्लू की ओर से किया जाएगा। कॉलोनी में अन्य जो भी समस्याएं हैं उसके निदान को लेकर पहल की जाएगी। नगर क्षेत्र में होने के कारण वहां की सफाई हर हाल में की जाएगी।
-केडी प्रौज्जवल, नगर आयुक्त।
मुहल्ला में फैली समस्या को लेकर कई बार नगर निगम की बैठक में आवाज उठाई गई है। मेयर व नगर आयुक्त की ओर से इस संबंध में भरोसा भी दिया गया है। सड़क, पानी, बिजली सहित अन्य कई समस्याएं हैं जिसका निदान होना जरूरी है। अविलंब इन समस्याओं को लेकर फिर से निगम में बात की जाएगी।
-पिंकी कुमारी, वार्ड पार्षद।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।